UP Politics: 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी (BSP) की सुप्रीमो मायावती ने बड़ा फैसला लिया है. भतीजे आकाश आनंद के ससुर के बाद मायावती ने सतीश चंद्र मिश्रा के भांजे अनंत कुमार मिश्रा (अंटू) को पार्टी से बाहर कर दिया है. मायावती ने गुरुवार को बताया कि पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्रा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में BSP से निकाल दिया गया है.
राजनीतिक विरोधियों से सतर्क रहे : मायावती
मायावती ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि उत्तर प्रदेश में BSP सरकार के दौरान स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा (उर्फ अंटू मिश्रा) को पार्टी विरोधी गतिविधियों और अन्य कारणों से आज तत्काल प्रभाव से पार्टी से निकाल दिया गया है. उन्होंने सभी स्तरों पर BSP कार्यकर्ताओं से यह भी अपील की कि वे उत्तर प्रदेश में तेजी से बदलते चुनावी माहौल के बीच राजनीतिक विरोधियों की चालों को लेकर सतर्क रहें. साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी के ‘अंबेडकरवादी मिशन’ की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करें.
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच अंटू मिश्रा का निष्कासन बीएसपी की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है. वहीं, बीते दिनों ही मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद के ससुर को अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से बाहर कर दिया था.
UP चुनाव से पहले मायावती का बड़ा एक्शन: अशोक सिद्धार्थ और रणधीर बेनीवाल को किया बाहर
पार्टी की गतिविधियों से बनाए हुए थे दूरी
बसपा सूत्रों के अनुसार, अनंत मिश्रा पिछले कुछ समय से पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों से दूरी बनाए हुए थे. साथ ही उनके किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने और BJP का दामन थामने की अटकलें भी लगती रही हैं. मार्च 2024 में वह बीजेपी कार्यालय भी पहुंचे थे, जहां उनके पार्टी में शामिल होने की चर्चा थी. इसके बावजूद मायावती ने उनके निष्कासन की वजह पार्टी विरोधी गतिविधियों और अन्य कारणों को बताया है. BSP सुप्रीमो ने कहा है कि अनंत मिश्रा को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित किया गया है.
पूरी तैयारियों के साथ जुटी BSP
वहीं, आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी नेतृत्व ऐसे नेताओं पर सख्ती कर रहा है, जो दूसरे दलों के संपर्क में हैं. संगठन लगातार तैयारी के साथ बड़े स्तर पर बदलाव करने में भी जुटा है. बीएसपी ने इस वक्त आगामी चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी अभी तक 24 से अधिक उम्मीदवारों के नाम भी तय कर चुकी है. साथ ही 75 नाम पर अभी मुहर लगना बाकी है. इसी बीच मायावती ने सभी पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने के लिए कहा है.
‘मुझे अपनी बहन की तरह माना, राखी…’, बसपा के इकलौते विधायक के निधन पर मायावती ने क्या कहा?
