Home Latest News & Updates 80वें स्वतंत्रता दिवस पर योगी का ऐतिहासिक संबोधनः कहा- विकसित भारत के लिए विकसित यूपी जरूरी

80वें स्वतंत्रता दिवस पर योगी का ऐतिहासिक संबोधनः कहा- विकसित भारत के लिए विकसित यूपी जरूरी

by Dheeraj Tripathi 15 August 2026, 1:34 PM IST
15 August 2026, 1:34 PM IST
80वें स्वतंत्रता दिवस पर योगी का ऐतिहासिक संबोधनः कहा- विकसित भारत के लिए विकसित यूपी जरूरी, गिनाईं सूबे की उपलब्धियां

Independence Day: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को विधान भवन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत से लेकर विकास की नई तस्वीर तक का जिक्र किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के बिना देश की आजादी की लड़ाई का इतिहास अधूरा समझा जाएगा. मंगल पांडेय से लेकर रानी लक्ष्मीबाई, वीरांगना अवंतीबाई लोधी, झलकारी बाई, ऊदा देवी, चंद्रशेखर आजाद और रामप्रसाद बिस्मिल जैसे वीरों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया.

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती ने आजादी के बिगुल को पूर्व से पश्चिम तक पहुंचाने का काम किया, जिसकी परिणति 15 अगस्त 1947 को हुई. उन्होंने कहा कि आजादी के साथ देश को गरीबी, अशिक्षा, पिछड़ापन, जातिवाद और तुष्टिकरण जैसी चुनौतियां भी विरासत में मिलीं. पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने इन असमानताओं और समस्याओं को दूर करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. कहा कि विकसित भारत के लिए विकसित यूपी जरूरी है.

उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बना यूपी

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि से उद्योग की यात्रा, युवाशक्ति से स्टार्टअप शक्ति और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग से डीप टेक तक उत्तर प्रदेश ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं. प्रदेश अब सिर्फ बदल नहीं रहा, बल्कि देश में बदलाव की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश उपद्रव प्रदेश की छवि से बदलकर उत्सव प्रदेश बना है और सुशासन के मॉडल की ओर आगे बढ़ रहा है. अब प्रदेश की गिनती बीमारू राज्य के रूप में नहीं, बल्कि ग्रोथ इंजन के रूप में हो रही है.

शहीद इंस्पेक्टर के शौर्य को किया याद

सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश एसटीएफ के शहीद इंस्पेक्टर सुनील कुमार के अदम्य साहस को भी याद किया. उन्होंने कहा कि शामली में कुख्यात अपराधियों के साथ मुठभेड़ में चार दुर्दांत अपराधियों को मार गिराने के बाद इंस्पेक्टर सुनील कुमार घायल हुए और अंततः वीरगति को प्राप्त हुए. उनके अदम्य साहस के लिए उन्हें कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रत्येक जवान के शौर्य और समर्पण का सम्मान है.

युवाओं के लिए जल्द आएगी नई यूथ पॉलिसी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है. प्रदेश का युवा प्रतिभावान, परिश्रमी और देश-समाज के लिए कुछ कर गुजरने की इच्छाशक्ति से भरा है. सरकार ने नकल माफिया और भर्ती माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की है. उन्होंने कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा के लिए एआई, मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर, स्टार्टअप इकोसिस्टम, साइबर, रोबोटिक्स, फिनटेक, डीप टेक और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम किया जा रहा है. इन क्षेत्रों में निवेश, नवाचार और रोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं.

युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याजमुक्त लोन

सीएम योगी ने कहा कि सीएम युवा उद्यमी योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश सरकार बहुत जल्द नई यूथ पॉलिसी लेकर आएगी. इसके जरिए युवाओं के स्किल, इनोवेशन और रोजगार को एक इंटीग्रेटेड अप्रोच के साथ और मजबूती दी जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर युवा के हाथ में स्किल, इनोवेशन और रोजगार हो. विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है, जब विकसित उत्तर प्रदेश के लिए प्रदेश की 25 करोड़ आबादी सामूहिक रूप से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे.

देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी लोगों का मन मोह लिया. प्रस्तुतियों ने न सिर्फ दर्शकों का मनोरंजन किया, बल्कि उनमें देशभक्ति की भावना भी भरने का काम किया. कलाकारों ने राम, सीता और लक्ष्मण के स्वरूप में प्रस्तुति देकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया. वहीं स्कूली बच्चों और अन्य कलाकारों ने अपने अभिनय, देशभक्ति गीतों और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए समारोह में मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया. पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति और राष्ट्र गौरव का माहौल बना रहा.

विभाजन मानवता के इतिहास का सबसे काला अध्याय, लोगों को मातृभूमि से होना पड़ा विस्थापितः CM योगी

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?