Home Top News पंजाब सरकार का युवाओं के लिए बड़ा ऐलान : ‘पंजाब दा करोड़पति’ के विजेता को मिलेंगे 1 करोड़

पंजाब सरकार का युवाओं के लिए बड़ा ऐलान : ‘पंजाब दा करोड़पति’ के विजेता को मिलेंगे 1 करोड़

by Sanjay Kumar Srivastava 14 November 2026, 7:47 PM IST
14 November 2026, 7:47 PM IST
पंजाब सरकार का युवाओं के लिए बड़ा ऐलान : 'पंजाब दा करोड़पति' के विजेता को मिलेगा 1 करोड़ का इनाम

Punjab Quiz: चुनाव आते ही पंजाब सरकार ने युवाओं को लुभाना शुरू कर दिया है. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को राज्य के युवाओं के लिए ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर ‘पंजाब दा करोड़पति’ नामक एक अनोखी क्विज़ प्रतियोगिता शुरू करने की घोषणा की है. इस प्रतियोगिता में 15 से 30 वर्ष की आयु के युवा भाग ले सकेंगे. विजेता को 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा. प्रतियोगिता में पंजाब के इतिहास, संस्कृति, भूगोल, गणित और राज्य सरकार से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे.

अंतिम दो राउंड आमने-सामने

मुख्य विजेता के अलावा, चार रनर-अप को 10-10 लाख रुपये और आठ अन्य टॉपर्स को 5-5 लाख रुपये मिलेंगे. साथ ही 10,000 से अधिक प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा. मान ने कहा कि उनकी सरकार चाहती है कि युवाओं के हाथों में किताबें हों, क्योंकि कलम ही किसी देश की किस्मत तय करती है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर कदम पर युवाओं के साथ खड़ी रहेगी, क्योंकि युवाओं की सफलता ही पंजाब की असली तरक्की है. मुख्यमंत्री ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 11 राउंड होंगे. इनमें से 9 राउंड ऑनलाइन पोर्टल पर होंगे, जबकि बाकी 2 राउंड आमने-सामने (इन-पर्सन) आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि इसमें (टीवी क्विज़ शो) ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तरह सवाल पूछे जाएंगे.

23 जिलों में आयोजित होगा दसवां राउंड

प्रतिभागियों को बहुविकल्पीय सवालों के जवाब देने होंगे, जिनमें से हर सवाल के लिए चार विकल्प होंगे और उनमें से केवल एक ही सही होगा. मान ने बताया कि इस प्रतियोगिता के लिए 50,000 सवालों का एक संग्रह तैयार किया गया है. इनमें से ज़्यादातर सवाल सरकारी नौकरियों की भर्ती परीक्षाओं में पूछे जाने वाले सवालों पर आधारित होंगे, जिनमें पटवारी, कांस्टेबल, पंजाब सिविल सेवा अधिकारी और सब-डिविजनल अधिकारी जैसे पद शामिल हैं. दसवां राउंड 23 ज़िलों में आयोजित किया जाएगा और इन ज़िलों के टॉपर्स ‘ग्रैंड फिनाले’ के लिए क्वालिफ़ाई करेंगे. युवाओं से ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में रजिस्ट्रेशन करने की अपील करते हुए मान ने कहा कि ‘पंजाब दा करोड़पति’ उनके लिए सीखने, अपना ज्ञान बढ़ाने और भारी नकद इनाम जीतने का एक शानदार मौक़ा होगा.

28 नवंबर को बंद हो जाएगा रजिस्ट्रेशन

उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी, ताकि युवाओं को अपना ज्ञान बढ़ाने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी मज़बूत करने और आकर्षक नकद इनाम जीतने का उचित मौक़ा मिल सके. प्रतियोगिता की जानकारी जल्द ही अखबारों में भी प्रकाशित की जाएगी. इस पोर्टल को मोबाइल फोन और वेब, दोनों के जरिए एक्सेस किया जा सकता है. युवा ‘पंजाब दा करोड़पति’ ऐप/पोर्टल के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं, जो गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध है. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए रजिस्ट्रेशन 14 नवंबर को शुरू हुआ और 28 नवंबर को बंद हो जाएगा.

17 दिसंबर को होगा ग्रैंड फिनाले

डिजिटल क्विज़ राउंड 21, 23, 25, 27 और 29 नवंबर को होंगे, जिसके बाद 1, 3, 5 और 7 दिसंबर को राउंड आयोजित किए जाएंगे. 9 दिसंबर को सभी 23 जिलों में जिला-स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी, जिससे प्रतिभागियों को ग्रैंड फिनाले की दौड़ में अपने जिले का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा. उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म और इसके काम करने के तरीके से परिचित कराने के लिए अभ्यास के तौर पर एक ‘मॉक क्विज़’ भी उपलब्ध कराया जाएगा. ग्रैंड फिनाले 17 दिसंबर को होगा, जिसमें पूरे पंजाब के 23 जिलों के विजेता हिस्सा लेंगे. जीतने वाले प्रतिभागी को 1 करोड़ रुपये का नकद इनाम मिलेगा.

पंजाब के आर्यन और हरियाणा के पांशुल बने टॉपर, 2025 के टॉपर से 29 अंक आगे रहे इस साल के विजेता

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?