Hardik Pandya: अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम भारत के दौरे पर है. हाल ही में टीम इंडिया के साथ खेले गए एक टेस्ट मैच में उसे 300 रनों के विशाल स्कोर से हार का सामना करना पड़ा है. अब भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज होने जा रही है. इस सीरीज का पहला मुकाबला 13 जून दिन शनिवार को धर्मशाला में खेला जाएगा.
इस बीच अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लगा है. मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय टीम के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या अफगान के खिलाफ हो रही इस वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. न्यूज एजेंसी पीटीआई को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के एक सूत्र ने यह बड़ी जानकारी दी है. आइए जानते हैं पूरी खबर.
क्वाड्रिसेप्स में नए सिरे से खिंचाव
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ ही घंटे पहले खेलने की अनुमति मिलने के बाद, भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या बुधवार को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. पंड्या के बाहर होने की वजह चोट बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, उन्हें क्वाड्रिसेप्स में नए सिरे से खिंचाव आने के कारण सीरीज से बाहर होना पड़ा है.
पंड्या आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते समय पीठ में लगी ऐंठन की चोट के लिए मंजूरी लेने के लिए बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में थे. ऐसा पता चला है कि नई चोट एसेसमेंट के दौरान सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में पूरे 10 ओवर गेंदबाजी करने का परिणाम हो सकती है. बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, “ठीक होने के लिए तीन सप्ताह का समय दिया गया है, इसलिए उनके वनडे सीरीज खेलने की कोई संभावना नहीं है क्योंकि उनका पुनर्वास (Rehabilitation) पूरा नहीं होगा.”
अगले साल होने वाले विश्व कप में पांड्या की भूमिका
जानकारी के अनुसार, पांड्या ने एमआई के लिए आईपीएल में कुछ मैच नहीं खेले थे, लेकिन 24 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टीम के आखिरी मैच में उन्होंने वापसी की. 32 वर्षीय ऑलराउंडर को लगी यह ताजा चोट की खबर ऐसे समय में आई है जब अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए उन पर अधिक वनडे क्रिकेट खेलने का दबाव बनाया जा रहा है.
2023 वनडे विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ पहले दौर के मुकाबले के दौरान पांड्या के बाएं टखने में लगी चोट ने टीम का संतुलन बिगाड़ दिया था. दक्षिण अफ्रीका में 2027 में होने वाले मेगा इवेंट के लिए भारत की योजनाओं में पांड्या का अहम योगदान बना हुआ है.
भारत-अफगानिस्तान की वनडे सीरीज
बता दें कि अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत शनिवार को धर्मशाला में होने जा रही है. उसके बाद सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ में खेला जाएगा. सीरीज का आखिरी और तीसरा मैच 20 जून को चेन्नई में होगा.
झटका! अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज से विराट कोहली बाहर, जानें वजह
News Source: PTI
