Smriti Mandhana: आईसीसी महिला टी20 क्रिकेट विश्व कप जारी है और इसमें भारत की ओर से स्मृति मंधाना शानदार प्रदर्शन कर रही हैं. बीते दिनों बर्मिंघम में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उन्होंने मात्र 44 गेंदों में 68 रनों की यादगार पारी खेली. उनकी इस पारी ने टीम इंडिया को मजबूती प्रदान की और जीत में अहम भूमिका निभाई.
इनकी इस प्रभावशाली बल्लेबाजी के बीच मंधाना को लेकर एक और भी खास उपलब्धि की खबर सामने आई है. जी हां, स्मृति मंधाना टाइम पत्रिका (टाइम मैगजीन) की 100 सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों की सूची में शामिल एकमात्र भारतीय हैं. बता दें कि TIME पत्रिका अमेरिका के न्यूयॉर्क से प्रकाशित होने वाली विश्व प्रसिद्ध एक मैगजीन है. अब आइए जानते हैं पूरी खबर.
100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों में एक मात्र भारतीय
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज और उप कप्तान स्मृति मंधाना को टाइम पत्रिका ने इस वर्ष खेल जगत के 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों में शामिल किया है. जानकारी के अनुसार, वह इस सूची में शामिल होने वाली एकमात्र भारतीय हैं.
टाइम पत्रिका की 2026 की खेल जगत के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की सूची में ऐसे एथलीट, कोच, समर्थक और निवेशक शामिल हैं जो “आज खेलों को आकार देने वाले लोग” हैं.
टाइम पत्रिका में मंधाना के बारे क्या कहा गया?
टाइम पत्रिका में मंधाना के बारे में छपी प्रोफाइल में कहा गया है कि मुंबई में जन्मी बाएं हाथ की सलामी बल्लेबाज “घरेलू एकदिवसीय मैच में दोहरा शतक बनाने वाली पहली भारतीय महिला हैं. तीनों अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों में शतक बनाने वाली पहली महिला हैं और 17 शतकों के साथ अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में सबसे अधिक शतकों का संयुक्त रिकॉर्ड धारक हैं.” इसमें यह भी कहा गया है कि मंधाना के लिए रिकॉर्ड लगातार बनते जा रहे हैं.
टाइम पत्रिका ने आगे कहा, “लेकिन मंधाना को सबसे ज्यादा गर्व उन टीम उपलब्धियों पर है जो वह हासिल कर रही हैं. उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तानी करते हुए 2024 और 2026 महिला प्रीमियर लीग का खिताब जीता और पिछले साल आईसीसी महिला विश्व कप में भारत की जीत में उप-कप्तान की भूमिका निभाई, जिसमें उन्होंने टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाए.”
मेस्सी, रोनाल्डो समेत इन दिग्गजों के भी नाम शामिल
टाइम पत्रिका की 100 सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों में की लिस्ट में कई बड़े नाम शामिल हैं. इस सूची में, अमेरिकी बास्केटबॉल के दिग्गज लेब्रॉन जेम्स का नाम पर सबसे ऊपर है. दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी, चीनी-अमेरिकी स्कीयर एलीन गु, टेनिस स्टार कार्लोस अल्काराज, बास्केटबॉल खिलाड़ी विक्टर वेम्बन्यामा और दिग्गज गोल्फर रोरी मैकलॉय के भी नाम शामिल हैं.
इस सूची में शामिल अन्य बड़े नामों में एक और फुटबॉल आइकन क्रिस्टियानो रोनाल्डो, दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट कप्तान टेम्बा बावुमा शामिल हैं, जिन्होंने पिछले साल भारत में अपनी टीम को ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत के साथ-साथ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) में भी जीत दिलाई थी. न्यूयॉर्क निक्स के बास्केटबॉल खिलाड़ी जेलेन ब्रूनसन और फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो के भी नाम शामिल हैं.
दीप्ति के पंजे में फंसकर पाकिस्तानी टीम ढेर! जानें भारत की जीत पर ऑलराउंडर शर्मा ने क्या कहा
News Source: PTI
