Home Top News दिल्ली सरकार ने रोका ACP विवेक भगत का प्रमोशन, महिला पत्रकार से यौन उत्पीड़न का आरोप

दिल्ली सरकार ने रोका ACP विवेक भगत का प्रमोशन, महिला पत्रकार से यौन उत्पीड़न का आरोप

by Neha Singh 6 October 2026, 9:24 AM IST (Updated 6 October 2026, 9:26 AM IST)
6 October 2026, 9:24 AM IST (Updated 6 October 2026, 9:26 AM IST)
ACP Vivek Bhagat

ACP Vivek Bhagat: दिल्ली सरकार ने असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) विवेक भगत का प्रमोशन रोक दिया है. सरकार ने विवेक भगत को एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (ADCP) का चार्ज (CDC) सौंपा था, लेकिन अब इस आदेश पर रोक लगा दी गई है. ACP विवेक भगत पर जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान एक महिला पत्रकार के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप है. प्रमोशन की खबरें सामने आने के बाद पत्रकारों ने सोशल मीडिया पर इसकी आलोचना की, जिसके बाद बड़ा बदलाव किया गया.

विवेक भगत ने खुद किया प्रमोशन रोकने का अनुरोध

सरकार ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि भगत, जिन्हें सोमवार को एडिशनल DCP का CDC सौंपा गया था, ने “अपनी मर्जी से” अनुरोध किया कि जब तक महिला पत्रकारों के कथित उत्पीड़न की पूरी जांच नहीं हो जाती और उसका “संतोषजनक समाधान” नहीं निकल जाता, तब तक उन्हें यह चार्ज न दिया जाए. सरकार ने कहा कि इसके अनुसार, पहले जारी आदेश में बदलाव किया जा रहा है और बाकी 11 अधिकारियों को CDC सौंपने के लिए नया आदेश जारी किया जाएगा.

दिल्ली सरकार ने साफ किया कि भगत समेत 12 अधिकारियों को अतिरिक्त ड्यूटी चार्ज सौंपने का प्रस्ताव 25 अगस्त को – यानी “मौजूदा घटनाओं से बहुत पहले” – शुरू किया गया था और उचित मंजूरी के बाद 5 अक्टूबर को आदेश जारी किए गए थे. सरकार ने यह भी कहा कि CDC सौंपना एक अस्थायी व्यवस्था है और इससे कोई वित्तीय लाभ नहीं मिलता है. अतिरिक्त चार्ज पाने वाले अधिकारी नियमित पद पर तैनात अधिकारियों के वैधानिक कर्तव्यों का पालन नहीं कर सकते.

क्राइम ब्रांच कर रही जांच

बता दें, राजधानी दिल्ली में इस समय प्रदर्शन की लहर है. जंतर-मंतर पर बिना इजाजत के भी लोग और पत्रकार भारी संख्या में पहुंच रहे हैं और पुलिस उन्हें डिटेन कर रही है. लोग चुनाव आयोग के कामकाज में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (SIR) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. इस बीच तीन महिला पत्रकारों ने पुलिसकर्मियों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है. दिल्ली पुलिस को शिकायतें मिल गई हैं और उसने आगे की निष्पक्ष जांच के लिए उन्हें क्राइम ब्रांच को भेज दिया है. क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है. प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने विरोध प्रदर्शन को कवर कर रहे पत्रकारों के साथ पुलिस के व्यवहार पर हैरानी और निराशा जताई और दिल्ली पुलिस से शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करने का आग्रह किया.

जंतर-मंतर: तीन महिला पत्रकारों ने पुलिस पर लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप, क्राइम ब्रांच करेगी जांच

News Source: ANI

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?