Home Top News लोकल को मिलेगी ग्लोबल पहचान! दिल्ली में भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ

लोकल को मिलेगी ग्लोबल पहचान! दिल्ली में भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ

by Kamlesh Kumar Singh 13 August 2026, 9:33 AM IST (Updated 13 August 2026, 9:34 AM IST)
13 August 2026, 9:33 AM IST (Updated 13 August 2026, 9:34 AM IST)
Indian Trade Festival 2026

Indian Trade Festival 2026: भारत की व्यापारिक शक्ति, उद्यमशीलता, नवाचार क्षमता और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को समर्पित भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 का भारत मंडपम, नई दिल्ली में भव्य शुभारंभ हुआ. 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय राष्ट्रीय महोत्सव का आयोजन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट ) एवं इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (आईटीपीओ ) द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है.

महोत्सव का उद्घाटन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने किया. इस अवसर पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कैट की रणनीतिक सलाहकार श्रीमती स्मृति ईरानी, स्वदेशी जागरण मंच के वरिष्ठ नेता श्री कश्मीरी लाल, कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद श्री प्रवीन खंडेलवाल सहित देशभर से आए हजारों व्यापारी, एमएसएमई , स्टार्टअप्स, निर्माता, निर्यातक, महिला उद्यमी एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

भारत की विकास यात्रा में व्यापारी समुदाय की निर्णायक भूमिका : पीयूष गोयल

अपने उद्घाटन संबोधन में केंद्रीय मंत्री श्री पीयूष गोयल ने भारतीय व्यापारियों को देश की आर्थिक प्रगति का प्रमुख आधार बताते हुए कहा कि भारत आज आत्मनिर्भरता, नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के नए युग में प्रवेश कर चुका है. उन्होंने भारतीय व्यापार महोत्सव के सफल आयोजन के लिए कैट और आईटीपीओ को बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन देश के व्यापारिक समुदाय की शक्ति, क्षमता और आत्मविश्वास का प्रतीक है. श्री गोयल ने कहा कि “जिस परिवर्तन की अपेक्षा हम दूसरों से करते हैं, उसकी शुरुआत स्वयं से करनी होगी.” उन्होंने अटल जी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि आत्मनिर्भरता और विकास एक-दूसरे के पूरक हैं. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में अभूतपूर्व प्रगति की है और आज भारतीय उत्पादों, निर्माताओं तथा उद्यमियों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है.

उन्होंने कहा कि भारत का निर्यात लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और देश एक ट्रिलियन डॉलर निर्यात अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है. पिछले चार महीनों में निर्यात में लगभग 5 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है और विश्व के अनेक देश भारत के साथ अपने व्यापारिक एवं आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने के इच्छुक हैं. श्री गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही “रिफॉर्म एक्सप्रेस” भारत को वैश्विक आर्थिक नेतृत्व के नए शिखर तक ले जाएगी.

व्यापारियों को ‘छोटा व्यापारी’ कहना बंद होना चाहिए : स्मृति ईरानी

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कैट की रणनीतिक सलाहकार श्रीमती स्मृति ईरानी ने कहा कि भारत के व्यापारियों को कभी भी “छोटा व्यापारी” नहीं कहा जाना चाहिए, क्योंकि देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन और सामाजिक स्थिरता में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, डिजिटल इंडिया और अन्य अनेक योजनाओं ने करोड़ों व्यापारियों एवं उद्यमियों को नए अवसर और आत्मविश्वास प्रदान किया है.

डिजिटल इंडिया की सफलता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत में लगभग 240 बिलियन डिजिटल लेनदेन हो रहे हैं और इनके माध्यम से लगभग ₹314 लाख करोड़ का आर्थिक कारोबार संपन्न हुआ है, जो भारत की डिजिटल क्षमता और आर्थिक परिवर्तन का प्रमाण है. श्रीमती ईरानी ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव का सपना लगभग पांच वर्ष पूर्व देखा गया था. चुनौतियों और सीमित संसाधनों के बावजूद देश के व्यापारियों ने इस सपने को साकार कर दिखाया. उन्होंने इस महत्त्वपूर्ण पहल का नेतृत्व करने के लिए श्री प्रवीन खंडेलवाल तथा पूरे व्यापारिक समुदाय को विशेष बधाई दी.

भारतीय व्यापार महोत्सव व्यापारिक इतिहास का मील का पत्थर : प्रवीन खंडेलवाल

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद श्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 भारतीय व्यापारिक समुदाय के इतिहास में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है. उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं, बल्कि देश के करोड़ों व्यापारियों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, निर्माताओं और उद्यमियों को “वोकल फॉर लोकल” से “लोकल टू ग्लोबल” की यात्रा से जोड़ने वाला एक राष्ट्रीय अभियान है. श्री खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है. छोटे व्यापारियों, एमएसएमई और भारतीय निर्माताओं के लिए वैश्विक बाजारों के द्वार खुले हैं और भारतीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अभूतपूर्व अवसर प्राप्त हो रहे हैं.

श्री खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वोकल फॉर लोकल, लोकल टू ग्लोबल और आत्मनिर्भर भारत” के विज़न को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और यह महोत्सव भारत को वैश्विक व्यापारिक शक्ति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

वैश्विक अवसरों के नए द्वार खोल रहे हैं एफटीए : जितिन प्रसाद

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री श्री जितिन प्रसाद ने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर अत्यंत मजबूत स्थिति में खड़ा है. सरकार की उद्योग एवं व्यापार समर्थक नीतियों ने भारतीय व्यवसायों के लिए अभूतपूर्व अवसर पैदा किए हैं. उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों के साथ हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स ने भारतीय व्यापारियों, निर्यातकों और एमएसएमई को वैश्विक बाजारों तक पहुंचने के लिए नए पंख दिए हैं. आज दुनिया के अनेक देश भारत के साथ आर्थिक साझेदारी को प्राथमिकता दे रहे हैं, जो भारत की बढ़ती आर्थिक और कूटनीतिक ताकत का प्रमाण है.

भारतीय व्यापार की शक्ति, नवाचार और वैश्विक संभावनाओं का विराट मंच

भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 में देश के विभिन्न राज्यों से आए 700 से अधिक , स्टार्टअप्स, निर्माता, निर्यातक, महिला उद्यमी, व्यापारी संगठनों, सरकारी संस्थानों और निजी कंपनियों की व्यापक भागीदारी है. महोत्सव का उद्देश्य भारतीय उत्पादों को बढ़ावा देना, घरेलू व्यापार को सशक्त बनाना, नवाचार को प्रोत्साहित करना तथा भारतीय उद्यमों को वैश्विक बाजारों से जोड़ना है. महोत्सव के दौरान भारत इनोवेशन एंड स्टार्टअप एक्सचेंज (BISE) सहित अनेक व्यापारिक, औद्योगिक, तकनीकी एवं ज्ञान-विनिमय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जो व्यापार, उद्योग और नवाचार के नए अवसरों को गति देंगे. भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 का स्पष्ट संदेश है- “वोकल फॉर लोकल, लोकल टू ग्लोबल और आत्मनिर्भर भारत.” यह महोत्सव भारत के करोड़ों व्यापारियों, उद्यमियों और निर्माताओं के उस राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक है, जिसके माध्यम से वे भारत को विश्व की अग्रणी आर्थिक शक्ति बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली विधानसभा परिसर में निकली तिरंगा यात्रा, CM रेखा गुप्ता हुईं शामिल

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?