Bihar News: बिहार के लखीसराय स्थित ऐतिहासिक मंदिर अशोक धाम में बड़ा हादसा हो गया. यहां बिजली के पोल में करंट उतरने से 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सावन के तीसरे सोमवार को भारी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक करने के लिए मंदिर पहुंचे थे. इसी दौरान बिजली के पोल में करंट फैल गया, जिसकी चपेट में कई श्रद्धालु आ गए. घटना होने के बाद मौके पर भगदड़ मच गई. हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
भीड़ बहुत ज़्यादा बढ़ गई
लखीसराय के DM शैलेंद्र कुमार ने कहा कि भीड़ बहुत ज़्यादा बढ़ गई थी. बह करीब 6.30-6.45 बजे दो ट्रेनें आईं, जिससे भीड़ और बढ़ गई. हमने भीड़ का अंदाजा लगाते हुए इंतजाम किए थे. फिर हमें पता चला कि भीड़ की वजह से एक तरफ की बैरिकेडिंग टूट गई और लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े. हमने तुरंत 10-15 लोगों को यहां भेजा है.
उच्च स्तरीय जांच के दिए आदेश
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर आला अधिकारी पहुंच गए. स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है. साथ ही घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और उनका वहां पर इलाज चल रहा है. स्थानीय प्रशासन ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
बिजली का खंभा गिरा
SDPO शिवम कुमार ने बताया कि 7 लोगों की मौत की खबर है. उन्होंने आगे कहा कि पता लगा है कि वहां पर बिजली का एक खंभा गिर गया और कई श्रद्धालु बिजली की चपेट में आ गए. इसके कारण भगदड़ जैसी स्थिति पैदा बन गई. हम इस घटना के बारे में विस्तार से जांच पड़ताल करने के बारे में ही बता पाएंगे. इसके अलावा शिवम कुमार ने यह भी कहा कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया है और शवों को भी भेज दिया गया है.
20-25 महिलाएं एक-दूसरे पर गिरीं
लखीसराय भगदड़ को लेकर एक श्रद्धालु ने समाचार एजेंसी PTI को बताया कि महिलाएं लाइन में खड़ी थीं. करीब 10-12 महिलाओं ने जबरदस्ती अंदर घुसने की कोशिश की और हमें धक्का देने लगीं. हम गिर गए और लगभग 20-25 महिलाएं एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं. भीड़ में दबने की वजह से कई महिलाएं बेहोश हो गईं. ऐसा भारी भीड़ के कारण हुआ.
News Source: PTI
