Bhagalpur Paddy On Road: बिहार के भागलपुर में बदहाल सड़क से परेशान ग्रामीणों ने विरोध जताने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया. उन्होंने खराब और पानी लगी सड़क पर धान की रोपाई कर विरोध जताया है. जी हां, भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड की कीर्तनिया पंचायत अंतर्गत कीर्तनियां–पकड़िया मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति से नाराज ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा.
उन्होंने सड़क की बदहाली के विरोध में अनोखे तरीके से प्रदर्शन करते हुए सड़क पर जमा पानी और कीचड़ के बीच धान की रोपाई की. इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने सड़क पर खाद डालकर सरकार और संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी जताई. ग्रामीणों का कहना था कि सड़क की स्थिति ऐसी हो गई है कि अब यहां सड़क और खेत में अंतर करना मुश्किल हो गया है.
स्कूली बच्चों व बुजुर्गों समेत अन्य लोग परेशान
मालूम हो कि यह रास्ता राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-80) को जोड़ता है और आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख सड़क है. ग्रामीणों के अनुसार, पिछले करीब दो वर्षों से सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता है. इसके कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक और अन्य राहगीर दुर्घटना का शिकार होते रहते हैं.
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की बदहाली का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और मरीजों पर पड़ रहा है. स्कूली बच्चों को प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है. बारिश के दिनों में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. वहीं, किसी मरीज को अस्पताल ले जाने के दौरान भी लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. कई बार वाहन गड्ढों में फंस जाते हैं, जिससे लोगों को काफी समय तक परेशानी झेलनी पड़ती है.

लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग
समाजसेवी बमबम सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर ग्रामीणों की ओर से कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को लिखित आवेदन दिया जा चुका है. इसके बावजूद अब तक सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन आश्वासन के अलावा उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ. इसी कारण ग्रामीणों ने शुक्रवार को सड़क पर धान की रोपाई और खाद डालकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने का निर्णय लिया.
आंदोलन करने की चेतावनी
बमबम सिंह ने कहा कि सड़क की हालत देखकर ऐसा लगता है कि यह सड़क नहीं, बल्कि खेत बन गई है. यदि जल्द ही सड़क निर्माण या मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे. उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीण आगे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी.
प्रदर्शन के दौरान सुलोचना देवी, प्रमिला देवी, जिछी देवी, चिंता देवी, ऐतवार तांती, सुनील कुमार, सन्नी कुमार, पवन पोद्दार, विशाल पोद्दार, दीपक पांडे, सौरभ कुमार, सोनू साह, दिलीप साह, रुपेश साह दीपक मिश्रा, बल्ली तांती, विष्णु कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क की स्थिति सुधारने तथा स्थायी रूप से सड़क निर्माण कराने की मांग की.
असम में बाढ़ का कहर! मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 98; इन 13 जिलों में 1.55 लाख लोग प्रभावित
