Home Top News झारखंड में भीषण हादसा : गड्ढे में गिरे स्कूटर सवार को बचाने जुटे लोगों को ट्रक ने कुचला, 7 की मौत

झारखंड में भीषण हादसा : गड्ढे में गिरे स्कूटर सवार को बचाने जुटे लोगों को ट्रक ने कुचला, 7 की मौत

by Sanjay Kumar Srivastava 6 November 2026, 1:54 PM IST
6 November 2026, 1:54 PM IST
झारखंड के खूंटी में भीषण सड़क हादसा: गड्ढे में गिरे स्कूटर सवार को बचाने जुटे लोगों को ट्रक ने कुचला, 7 की मौत

Jharkhand Accident: झारखंड के खूंटी में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीखपुकार मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया. हादसे पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने दुख जताया है. झारखंड के खूंटी जिले में अंधेरे के दौरान एक तीखे मोड़ पर 18 पहियों वाले ट्रक की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की.

तीखे मोड़ पर काल बनकर आया ट्रक

खूंटी के पुलिस अधीक्षक (SP) ऋषभ गर्ग ने बताया कि गुरुवार रात कुछ लोग कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर एक गड्ढे में गिरे स्कूटर सवार को बचाने पहुंचे थे. वहां कई महिलाएं व बच्चे भी इकट्ठा हो गए थे. अधिकारी ने कहा कि इसी दौरान, तोरपा की तरफ से आ रहा 18 पहियों वाला एक ट्रक तीखे मोड़ पर लोगों के ऊपर चढ़ गया. अंधेरा होने की वजह से शायद ड्राइवर को भीड़ दिखाई नहीं दी. उन्होंने बताया कि सात लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया. इनमें से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की इलाज के दौरान जान चली गई. SP ने बताया कि मृतकों में तीन महिलाएं, तीन बच्चे और एक पुरुष शामिल थे. घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया दुख

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों में जयंती देवी, उनकी बेटी अंजलि देवी (20) और पोता सौरव नायक (11), एक अन्य महिला फागन सांगा (26), उनकी बेटियां शिवानी कुमारी (12) और सोनी कुमारी (8) तथा उनकी सास कर्मी लोहराइन (50) शामिल थीं. प्रधानमंत्री मोदी ने ‘X’ पर लिखा कि झारखंड के खूंटी में एक हादसे में हुई मौत से मुझे गहरा दुख हुआ है. जिन लोगों ने अपने अपनों को खोया है, उनके प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ‘X’ पर कहा कि खूंटी के कर्रा में सड़क हादसे में सात लोगों की जान जाने की हृदयविदारक खबर से मुझे गहरा दुख पहुंचा है. उन्होंने आगे कहा कि इस हादसे में अपने अपनों को खोने वाले सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. मारंग बुरु दिवंगत आत्माओं को शांति दें और उनके परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें.

पटना में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, तीन बदमाश मारे गए, फायरिंग में बाल-बाल बचे SHO

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?