Bihar Police Encounter: पटना में शुक्रवार को पुलिस ने तीन बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराया. मारे गए बदमाशों में जेपी यादव और उसके दो साथी बबलू और राजा शर्मा शामिल थे.ये तीनों एक PACS (प्राइमरी एग्रीकल्चरल क्रेडिट सोसाइटी) अध्यक्ष की हत्या में शामिल थे. इस मामले में जेपी यादव मुख्य आरोपी था. शुक्रवार को पटना के मनेर इलाके में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में तीन अपराधी मारे गए. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस दौरान एक पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गया, क्योंकि एक गोली उसकी वर्दी को छूकर निकल गई.
किसी वारदात को अंजाम देने वाले थे बदमाश
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि यह घटना पटना जिले के शेरपुर इलाके में हुई, जब स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और जिला पुलिस की एक संयुक्त टीम गश्त पर थी. अधिकारी ने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश किसी अपराध को अंजाम देने के लिए वहां इकट्ठा हुए हैं. पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां उन पर अंधाधुंध फायरिंग की गई. मनेर थाने के SHO और उनकी टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीन आरोपी घायल हो गए. शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपियों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
42 राउंड गोलियों की गूंज से दहला मनेर
उन्होंने यह भी बताया कि संदिग्ध अपराधियों द्वारा चलाई गई एक गोली SHO की वर्दी को छूकर निकल गई. उन्होंने कहा कि पुलिस ने 18 राउंड फायरिंग की, जबकि अपराधियों की ओर से 24 से ज्यादा राउंड गोलियां चलाई गईं. SSP के अनुसार, ये तीनों बदमाश दानापुर, शाहपुर और आसपास के इलाकों के थानों में दर्ज कई मामलों में वांछित थे. शर्मा ने बताया कि इन पर पिछले महीने मनेर में एक व्यक्ति की हत्या में शामिल होने का भी आरोप था. फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही गोलीबारी से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है.
घटनास्थल से हथियार बरामद
पटना एसएसपी ने बताया कि घटनास्थल से तीनों के पास से हथियार बरामद किए गए हैं. एसएसपी के मुताबिक, तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है और अष्टमी के दिन मनेर में हुई हत्या की घटना में भी उनकी संलिप्तता सामने आई थी. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. कहा कि पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी के साथ कराया जाएगा. वहीं, भोजपुर जिले में शुक्रवार तड़के सारंगपुर गांव के पास पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक व्यक्ति घायल हो गया, जो सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी राम कुमार सिंह (68) की हत्या के मामले में वांछित था. पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि आरोपी पवन यादव को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाया गया. अधिकारी ने कहा कि यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग की और भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस को आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी. इस मुठभेड़ के दौरान एक गोली यादव के पैर में लग गई.
कोर्ट से लौट रहे वकील का अपहरण कर हत्या, कानपुर में मिला शव, केस फाइल के बहाने जालौन से किया था अगवा
