LPU Suspends Classes: पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में इस समय भारी हंगामा चल रहा है. सोशल मीडिया पर फैली कथित दुष्कर्म और आत्महत्या की खबर से भड़के छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. शनिवार रात को उन्होंने यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़ और आगजनी की. हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच सभी छात्रों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए यूनिवर्सिटी में अपनी मिड-टर्म परीक्षाएं अगली सूचना तक टाल दी हैं. यूनिवर्सिटी ने एक बयान में कहा कि उसने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए रेगुलर क्लास भी सस्पेंड कर दी हैं.
क्लास रद्द, परीक्षा टली
LPU ने कहा, “रेगुलर क्लास 28 सितंबर 2026 (सोमवार) से 10 दिनों के लिए सस्पेंड रहेंगी. मिड-टर्म परीक्षाएं अगली सूचना तक टाल दी गई हैं. बदला हुआ परीक्षा शेड्यूल UMS के जरिए अलग से बताया जाएगा.” यूनिवर्सिटी ने आगे कहा, “छात्र अगर चाहें तो अपने माता-पिता/गार्जियन से सलाह करके इस 10-दिन की अवधि के दौरान अपने होमटाउन जा सकते हैं. जो छात्र यहीं रुकते हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे अपने हॉस्टल/रहने की जगहों के अंदर रहें और अपनी सुरक्षा के लिए बेवजह आने-जाने या किसी भी अशांति वाली गतिविधियों में शामिल होने से बचें.” प्रशासन ने छात्रों से शांत रहने, आधिकारिक निर्देश मानने और आगे के अपडेट्स के लिए जुड़े रहने की भी अपील की.
कांग्रेस राज्य और केंद्र सरकार को ठहराया जिम्मेदार
इस बीच पंजाब कांग्रेस के वर्किंग प्रेसिडेंट राज कुमार वेरका ने इन दंगों को भड़काने के लिए सेंटर और पंजाब सरकार दोनों को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा “मेरा मानना है कि सेंटर और पंजाब सरकार दोनों फेल हो गए हैं. इस मामले में तुरंत दखल देना उनकी जिम्मेदारी है. मैं सीधे तौर पर सेंटर और पंजाब सरकार दोनों को इन दंगों को भड़काने के लिए ज़िम्मेदार मानता हूं… मैं स्टूडेंट्स और एडमिनिस्ट्रेशन दोनों से अपील करता हूं कि वे बैठकर हालात को तुरंत कंट्रोल में करें… मुझे लगता है कि सही जांच नहीं हुई है, सब कुछ घबराहट में हो रहा है, न तो एडमिनिस्ट्रेशन और न ही यूनिवर्सिटी अथॉरिटीज हालात पर काबू पा पा रही हैं, और स्टूडेंट्स की आवाज नहीं सुनी जा रही है. मेरा मानना है कि उन्हें समझदारी से काम लेने की जरूरत है-चाहे वह स्टूडेंट्स हों या एडमिनिस्ट्रेशन. इस मामले को जिम्मेदारी से हैंडल करना चाहिए…”
अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर
पंजाब के फगवाड़ा इलाके में रविवार सुबह-सुबह बड़े पैमाने पर स्टूडेंट्स का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया, जब सोशल मीडिया पर यूनिवर्सिटी की एक छात्रा के साथ कैंपस में कथित दुष्कर्म और आत्महत्या की खबर फैली. पुलिस के मुताबिक, घटना के फैक्ट्स का पता लगाने के लिए जांच जारी है. पुलिस अधिकारियों ने अभी तक यह कन्फर्म नहीं किया है कि यूनिवर्सिटी कैंपस में किसी छात्रा के साथ ऐसी घटना हुई है. आरोपी और पीड़िता का भी पता नहीं चला है. जांच जारी है और कई अनजान लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.
तोड़फोड़ की, हाईवे ब्लॉक किया
हजारों स्टूडेंट्स ने कैंपस के अंदर बड़े पैमाने पर तोड़-फोड़ की. उन्होंने पुलिस जीप समेत कुछ गाड़ियों में आग लगा दी. स्टूडेंट्स कैंपस में खड़े एक फाइटर जेट (MiG-23) और एक टैंक के मॉडल पर भी चढ़ गए. छात्रों ने जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे (NH-44) को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया. जब भीड़ को कंट्रोल करने की कोशिश की गई, तो स्टूडेंट्स और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई. बताया जा रहा है कि पत्थरबाजी में कुछ पुलिसवाले घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस को भीड़ को हटाने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा.
दुष्कर्म की शिकायत, फिर LPU में रातभर बवाल! छात्रों ने हाईवे जाम किया, पुलिस ने दर्ज की FIR
News Source: ANI
