West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर TMC ने अपने अभियान को तेज कर दिया है. ममता बनर्जी ने भाजपा पर जमकर हमला बोला.
West Bengal Elections: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर TMC ने अपने अभियान को तेज कर दिया है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ईद के अवसर पर मतदाता सूची की जांच को एक प्रमुख मुद्दा बनाकर इसे भाजपा के खिलाफ ‘लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा’ की लड़ाई करार दिया. पर्यवेक्षकों के अनुसार, टीएमसी इस मुद्दे के जरिए केंद्र सरकार पर चुनावों को प्रभावित करने का आरोप लगा रही है ताकि इसे बंगाल के बहुलवादी ताने-बाने पर हमला दिखाया जा सके. पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है. ममता बनर्जी ने भाजपा पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि भाजपा को मतदान का अधिकार छीनने नहीं देंगे. अंत तक लड़ेंगे. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को कोलकाता के रेड रोड पर ईद की नमाज के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए.
लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प
उन्होंने कहा कि केंद्र मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) के बहाने लोगों के “मताधिकार छीनने” की कोशिश कर रहा है. टीएमसी सुप्रीमो ने दावा किया कि इस प्रक्रिया के जरिए जानबूझकर मतदाताओं, विशेषकर अल्पसंख्यकों के नाम हटाए जा रहे हैं, जो चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की एक साजिश है. टीएमसी सुप्रीमो ने संकल्प लिया कि वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए अंत तक लड़ेंगी और मोदी सरकार को नागरिकों के अधिकार छीनने नहीं देंगी. बनर्जी ने चेतावनी दी कि मतदाता सूची में संशोधन या सत्यापन के नाम पर मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने के किसी भी कदम का उनकी पार्टी द्वारा विरोध किया जाएगा. उन्होंने कहा कि जो लोग बंगाल को निशाना बना रहे हैं और लोगों को विभाजित करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें नरक में जाना चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि सांप्रदायिक सद्भाव की लंबी परंपरा कहती है कि राज्य समाज का ध्रुवीकरण करने की कोशिश करने वाली ताकतों को सफल नहीं होने देगा.
सामाजिक ताने-बाने को तोड़ने की इजाजत नहीं
उन्होंने कहा कि बंगाल एकता में विश्वास करता है. हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई हर कोई यहां एक साथ रहता है. हम किसी को भी इस सामाजिक ताने-बाने को तोड़ने की इजाजत नहीं देंगे. इस वर्ष रेड रोड पर ईद आयोजन का राजनीतिक महत्व बढ़ गया है क्योंकि राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं. टीएमसी लगातार चौथी बार सत्ता में आने का प्रयास कर रही है.टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी जोर देकर कहा कि बंगाल की सांप्रदायिक सद्भाव की परंपरा की रक्षा की जाएगी. कहा कि समुदायों को विभाजित करने के प्रयासों से कोई परिणाम नहीं मिलेगा. कहा कि आप मेरा सिर काट सकते हैं, लेकिन मैं नहीं झुकूंगा. राज्य की 294 सीटों के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी.
ये भी पढ़ेंः मिशन 2026: मोदी-शाह-नबीन का ‘ग्राउंड लेवल रीसेट’ और सांगठनिक घेराबंदी की नई बिसात
News Source: PTI
