Home व्यापार Rupee falls: इस साल 7% से अधिक गिरा रुपया, डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर हुआ बंद

Rupee falls: इस साल 7% से अधिक गिरा रुपया, डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर पर हुआ बंद

by Amit Dubey 19 May 2026, 4:43 PM IST
19 May 2026, 4:43 PM IST
Rupee falls

Rupee falls: भारतीय करेंसी को एशिया में साल 2026 का अब तक की सबसे खराब प्रदर्शन करने वाली करेंसी बताया जा रहा है. इस महीने में डॉलर के मुकाबले रुपये में करीब 1.5 फीसदी की गिरावट दिखी है.

Rupee falls: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये की गिरावट लगातार जारी है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इस साल की शुरुआत से लेकर अभी तक भारतीय करेंसी में 7 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है. पश्चिम एशिया में जारी तनाव, कच्चे तेल के बढ़ते दाम और डॉलर की बढ़ती मांग के बीच भारतीय रुपये को काफी झटका लगा है. आज एक बार फिर से इसमें रिकॉर्ड निचले स्तर की गिरावट देखी गई है. अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया आज मार्केट बंद के दौरान रुपया 96.60 पर आ गया. बता दें कि मंगलवार को बाजार खुलते समय डॉलर के मुकाबले रुपया 96.38 पर खुला था.

32 पैसे गिरकर बंद हुआ रुपया

न्यूज एजेंसी के अनुसार, भारतीय करेंसी को एशिया में साल 2026 का अब तक की सबसे खराब प्रदर्शन करने वाली करेंसी बताया जा रहा है. इस महीने में डॉलर के मुकाबले रुपये में करीब 1.5 फीसदी की गिरावट दिखी है, वहीं इस साल की शुरुआत से लेकर अभी तक रुपये में 7 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई है. मंगलवार को आज अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.38 पर खुला और फिर गिरकर 96.60 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया. अंत में 96.52 (अस्थायी) पर स्थिर हुआ, जो पिछले बंद भाव से 32 पैसे की गिरावट दर्शाता है. बता दें कि सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर 96.20 पर बंद हुआ था.

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

रुपये की लगातार गिरावट को लेकर विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से रुपया कमजोर बना हुआ है. उन्होंने बताया कि शेयर बाजार से विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने भी करेंसी को झटका देने का काम किया है. वहीं, मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटीज रिसर्च एनालिस्ट अनुज चौधरी ने कहा, “हम उम्मीद करते हैं कि मजबूत डॉलर और अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में वृद्धि के बीच रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा. मौजूदा भू-राजनीतिक तनाव और विदेशी निवेशकों की निकासी भी रुपये पर दबाव डाल सकती है.”

सेंसेक्स और निफ्टी भी धड़ाम

वहीं, भारतीय शेयर बाजार में भी गिरावट देखी गई. मंगलवार को कारोबारी सत्र की शुरुआत में शेयर बाजार हरे निशान में ट्रेड करते हुए दिखे, लेकिन मार्केट बंद के दौरान इसमें भी गिरावट दर्ज की गई. बाजार बंद के दौरान 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 114.19 अंक गिरा. यह 0.15 फीसदी गिरकर लाल निशान में 75,200.85 पर बंद हुआ. इस दौरान सेंसेक्स इंडेक्स में 12 शेयर हरे में और 18 शेयर लाल निशान में बंद हुए.
वहीं, मार्केट बंद के दौरान 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी में भी गिरावट दिखी. यह 0.14 फीसदी गिरकर लाल निशान में 23,618 के स्तर पर कारोबार करते हुए बंद हुआ. इसके 50 शेयरों में से 19 हरे और 30 लाल में बंद हुए. बाकी का एक शेयर अपरिवर्तित रहा.

यह भी पढ़ें: अमेरिका, चीन या रूस, भारत का सबसे अधिक किसके साथ ट्रेड? जानें पिछले 5 वर्षों के आंकड़े

News Source: PTI

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?