Indian Currency News: भारतीय शेयर बाजार के अलावा भारतीय करेंसी में भी आज एक बार फिर से तेजी दिखी है. जी हां, बुधवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 39 पैसे मजबूत दिखा. यह 94.89 पर पहुंच गया. इसकी वजह अमेरिकी-ईरान बातचीत में हुई प्रगति और कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट बताई जा रही है.
वहीं, फॉरेक्स ट्रेडर्स ने कहा कि निवेशक आगे के संकेतों के लिए RBI की आने वाली मॉनेटरी पॉलिसी (मौद्रिक नीति) के फैसले का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. अब आरबीआई की मॉनेटरी पॉलिसी मीटिंग के नतीजे भी आ गए हैं और रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
94.89 के स्तर तक पहुंचा रुपया
आज बुधवार को इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में रुपया 94.90 पर खुला और फिर 94.89 के स्तर तक पहुंचा, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 39 पैसे की बढ़त दिखाता है. बता दें कि मंगलवार को अमेरिकी करेंसी के मुकाबले रुपया 95.28 पर बंद हुआ था.
वहीं, डॉलर इंडेक्स, जो छह करेंसी की बास्केट के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापता है, 0.06 प्रतिशत गिरकर 99.80 पर ट्रेड कर रहा था.
कच्चा तेल और शेयर बाजार का अपडेट
ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क, ब्रेंट क्रूड, फ्यूचर्स ट्रेड में 1.11 प्रतिशत गिरकर 78.48 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था. वहीं, घरेलू इक्विटी मार्केट में, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 375.01 अंक चढ़कर 78,803.96 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 62.7 अंक बढ़कर 24,677.60 पर रहा. एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने मंगलवार को शुद्ध आधार पर 2,446.47 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
रेपो रेट 5.25 फीसदी में कोई बदलाव नहीं
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की दरें तय करने वाली समिति की तीन दिन की बैठक सोमवार को शुरू हुई थी. इस दौरान बेंचमार्क रेपो रेट में कोई बदलाव न होने की उम्मीद पहले से थी और अब मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी 5 अगस्त को अपना फैसला सुना दी है.
जी हां, आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा के द्वारा मौद्रिक नीति संबंधी निर्णय घोषित किए जा चुके हैं और रेपो रेट 5.25 फीसदी में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
रेपो रेट की बात करें तो यह वह ब्याज दर है, जिसपर भारतीय रिजर्व बैंक देश के अन्य बैंकों को कर्ज देता है. बता दें कि बैंकों को जब पैसे की जरूरत होती है या इसकी कमी होती है तो वे आरबीआई से इसी रेपो रेट पर कर्ज लेते हैं.
रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं, शेयर बाजार में दिखी तेजी; जानें सेंसेक्स और निफ्टी की चाल
News Source: PTI
