Ahmedabad Cat Registration: अगर आप अहमदाबाद शहर में पालतू बिल्ली पालते हैं या भविष्य में बिल्ली पालने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. विश्व बिल्ली दिवस यानी 8 अगस्त के अवसर पर अहमदाबाद नगर निगम ने शहरभर में मेगा कैट पंजीकरण अभियान शुरू किया है. नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में रखी जाने वाली सभी पालतू बिल्लियों का पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा. इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जो 30 सितंबर 2026 तक जारी रहेगा. इस दौरान प्रत्येक पालतू बिल्ली का पंजीकरण ₹200 शुल्क देकर कराया जा सकेगा.
अभियान का उद्देश्य
AMC का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पालतू बिल्लियों का रिकॉर्ड तैयार करना नहीं है, बल्कि जिम्मेदार पेट पैरेंटिंग को बढ़ावा देना, पशुओं के स्वास्थ्य की निगरानी करना, समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करना और शहर को रेबीज मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना भी है. नगर निगम का मानना है कि पंजीकरण से पालतू पशुओं की पहचान, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और उनके मालिकों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से उपलब्ध रहेगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी.
नगर निगम के अनुसार यह अभियान सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों, एनिमल वेलफेयर बोर्ड ऑफ इंडिया की गाइडलाइन, एनिमल बर्थ कंट्रोल यानी ABC रूल्स-2023 तथा नेशनल एक्शन प्लान फॉर डॉग मेडिएटेड रेबीज एलिमिनेशन (NAPRE)-2030 के अनुरूप चलाया जा रहा है. अहमदाबाद को “रेबीज फ्री सिटी” बनाने के लक्ष्य के तहत पालतू पशुओं का व्यवस्थित पंजीकरण और वैक्सीनेशन बेहद जरूरी माना गया है.
ऑनलाइन अपलोड करने होंगे दस्तावेज
पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो. आवेदन के लिए पालतू पशु मालिक को आधार कार्ड या वोटर आईडी, बिजली बिल या प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित दस्तावेज, पालतू बिल्ली की फोटो, बिल्ली रखने के स्थान की तस्वीर तथा पंजीकृत पशु चिकित्सक द्वारा जारी वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र अपलोड करना होगा. आवेदन जमा करने के बाद ऑनलाइन शुल्क का भुगतान कर पंजीकरण पूरा किया जा सकेगा. AMC द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, अभियान की शुरुआत के बाद अब तक 149 पालतू पशु मालिकों ने 189 पालतू बिल्लियों का पंजीकरण कराया है. इनमें 72 देशी और 117 अन्य नस्लों की बिल्लियां शामिल हैं.
पालतू कत्तों का पंजीकरण भी जारी
नगर निगम का लक्ष्य आगामी सप्ताहों में शहर की अधिक से अधिक पालतू बिल्लियों को इस अभियान से जोड़ना है ताकि उनका पूरा रिकॉर्ड तैयार किया जा सके. इसके साथ ही नगर निगम ने पालतू कुत्तों का पंजीकरण अभियान को भी जारी रखा है. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार अब तक 17,380 पेट ओनर्स ने 19,746 पालतू कुत्तों का पंजीकरण कराया है. इससे स्पष्ट है कि AMC अब शहर में सभी पालतू पशुओं का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है. इस अभियान को सफल बनाने के लिए AMC ने व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम भी शुरू किए हैं. शहर के LED डिस्प्ले, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, पेट क्लीनिक, पेट शॉप, QR कोड, पोस्टर, रेडियो, वेबिनार और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है.
30 सितंबर है आखिरी तारीख
नगर निगम की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में जाकर भी लोगों को इस अभियान की जानकारी दे रही हैं और जिम्मेदार पालतू पशु पालन के प्रति जागरूक कर रही हैं. AMC ने सभी कैट लवर्स और पालतू पशु पालकों से अपील की है कि वे 30 सितंबर 2026 से पहले अपनी पालतू बिल्ली का पंजीकरण अवश्य कराएं. नगर निगम का कहना है कि यह पहल केवल कानूनी औपचारिकता नहीं, बल्कि पशु कल्याण, सार्वजनिक स्वास्थ्य और जिम्मेदार नागरिक भागीदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
