Indian Currency Today: पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव अभी भी खत्म होता हुआ नहीं दिख रहा है. वहीं, इस बीच कच्चे तेल की कीमत में भी बढ़ोतरी हुई है. ब्रेंट क्रूड 1.03 प्रतिशत बढ़कर 84.41 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था.
इन सभी कारणों की वजह से आज सोमवार को भारतीय करेंसी में गिरावट दिखी है. अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 8 पैसे गिरकर अपने कारोबारी सत्र की शुरुआत की है.
95.25 पर गिरकर पहुंचा रुपया
रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 8 पैसे गिरकर 95.25 पर आ गया. इसकी वजह डॉलर का मजबूत होना और ग्लोबल स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी थी. हालांकि, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) के निवेश और देश के विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी ने रुपये में और बड़ी गिरावट को रोक दिया. फॉरेक्स ट्रेडर्स ने यह जानकारी दी.
इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में रुपया 95.18 पर खुला और बाद में गिरकर 95.25 पर आ गया, जो पिछले बंद भाव से 8 पैसे कम था. मालूम हो कि शुक्रवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 5 पैसे की बढ़त के साथ 95.17 पर बंद हुआ था. इस बीच, डॉलर इंडेक्स, जो छह मुद्राओं के बास्केट के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापता है, 0.17 प्रतिशत बढ़कर 99.70 पर ट्रेड कर रहा था.
एक्सपर्ट ने क्या कहा?
न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, “कुल मिलाकर, USD/INR 95.20-95.30 के दायरे में सीमित रहा, और शुक्रवार को सत्र के अंत में रुपया मामूली रूप से मजबूत हुआ. मजबूत विदेशी मुद्रा भंडार ने भी भरोसा दिलाया और डॉलर की मांग पर दबाव को सीमित किया.”
उन्होंने कहा, “सोमवार को निर्यातक 95.40 तक की तेजी पर बिकवाली कर सकते हैं, जबकि आयातक 95 के स्तर पर गिरावट आने पर खरीदारी कर सकते हैं. व्यापारी पश्चिम एशिया के घटनाक्रमों के साथ-साथ भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) पर भी कड़ी नजर रखेंगे.
शेयर बाजार में भी गिरावट
मालूम हो कि आज शेयर बाजार में भी गिरावट दर्ज की गई है. सोमवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 19.38 अंक गिरकर 78,479.79 पर आ गया, जबकि निफ्टी 5.10 अंक फिसलकर 24,567.45 पर पहुंच गया. एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (Foreign institutional investors) ने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 480.24 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
शुक्रवार को जारी आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, 31 जुलाई को समाप्त सप्ताह के दौरान देश का विदेशी मुद्रा भंडार 10.512 अरब अमेरिकी डॉलर बढ़कर 692.866 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया. पिछले रिपोर्टिंग सप्ताह में कुल भंडार 6.118 अरब अमेरिकी डॉलर बढ़कर 682.354 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया था.
भू-राजनीतिक तनाव से शेयर बाजार को लगा झटका! सेंसेक्स व निफ्टी लुढ़के; जानें एक्सपर्ट्स ने क्या कहा
News Source: PTI
