OTT Release This Week: अगर इस हफ्ते घर बैठे कुछ नया और मजेदार देखने का प्लान है, तो आपकी वॉचलिस्ट खाली नहीं रहने वाली. 10 से 16 अगस्त के बीच नेटफ्लिक्स, प्राइम वीडियो, जियोहॉटस्टार और दूसरे OTT प्लेटफॉर्म्स पर कई नई फिल्में और सीरीज दस्तक दे रही हैं. यानी आपका मूड चाहे जैसा हो, इस हफ्ते कुछ न कुछ देखने लायक जरूर मिलेगा.
सिंटोनिया, नेटफ्लिक्स
नेटफ्लिक्स की चर्चित ब्राजीलियन सीरीज सिंटोनिया अपने नए सीजन के साथ वापसी कर रही है. इस बार कहानी अपने अंतिम पड़ाव पर है. नंदो पांच साल से ब्राजील से दूर सर्बिया में रह रहा है. जब उसकी बेटी ब्रुनिन्हा अचानक गायब हो जाती है, तो उसे वापस अपने देश लौटना पड़ता है. फैमिली और क्राइम की दुनिया के बीच फंसे नंदो के लिए ये वापसी आसान नहीं होगी.
रीचर सीजन 4, प्राइम वीडियो
जैक रीचर फिर एक नए मिशन पर है. मेट्रो में एक परेशान महिला से हुई अचानक मुलाकात उसे ऐसी साजिश में खींच लेती है, जिसकी पहुंच सत्ता के ऊंचे महलों तक है. इस बार एलन रिचसन के साथ मारिया स्टेन भी नजर आएंगी. अगर आपको बेहतरीन एक्शन और सस्पेंस पसंद है, तो ये सीरीज वॉचलिस्ट में जगह की हकदार है. आप इसे 12 अगस्त से प्राइम वीडियो पर देख पाएंगे.
वुमन इन ब्लू सीज़न 2, एप्पल टीवी
क्राइम ड्रामा पसंद करने वालों के लिए वुमन इन ब्लू सीज़न का दूसरा सीजन आ रहा है. ये शो 12 अगस्त से एप्पल टीवी पर स्ट्रीम होगा. बारबरा मोरी की मारिया अब लेफ्टिनेंट बन चुकी हैं. एक छात्र एक्टिविस्ट की मौत की जांच उन्हें 1968 के मेक्सिको से जुड़े पुराने और संवेदनशील मामले तक पहुंचाती है. लेकिन पुलिस विभाग में ही जब हत्यारा अपना अगला निशाना ढूंढने लगे, तो मामला और पेचीदा हो जाता है.
माई ब्रिलियंट करियर, नेटफ्लिक्स
1900 के दशक के ऑस्ट्रेलिया पर बनी ये कहानी सिबिला मेल्विन की है, जो शादी करने के बजाय राइटर बनने का सपना देखती है. परिवार की उम्मीदों और अपने सपनों के बीच उलझी सिबिला की जिंदगी तब बदलती है, जब उसकी मुलाकात अमीर पड़ोसी हैरी बीचम से होती है. आप इस फिल्म को 13 अगस्त से नेटफ्लिक्स पर देख पाएंगे.
आखिरी सवाल, लायंसगेट प्ले
नमाशी चक्रवर्ती और संजय दत्त स्टारर ये फिल्म एक ऐसे स्कॉलर की कहानी है, जो अपने मेंटर पर भेदभाव का आरोप लगाता है. देखते ही देखते विवाद मीडिया और राजनीति का बड़ा मुद्दा बन जाता है. लेकिन असली ट्विस्ट तब आता है, जब उसके सवाल एक लापता रिसर्चर तक पहुंचते हैं. ये फिल्म 14 अगस्त को रिलीज हो रही है.
कॉकटेल 2, नेटफ्लिक्स
कुणाल और दिया लंबे समय से रिलेशनशिप में हैं, लेकिन दोनों शादी के सवाल से बचते हैं. वहां दिया की पुरानी दोस्त एली की एंट्री होती है. दिया मजाक-मजाक में एली से कुणाल के साथ फ्लर्ट करने के लिए कहती है. लेकिन मामला तब बिगड़ जाता है जब एली को सच में कुणाल से प्यार हो जाता है. यानी इस बार भी प्यार का कॉकटेल काफी स्ट्रॉन्ग होने वाला है. कृति सेनन, शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना स्टारर इस फिल्म को आप 14 अगस्त से नेटफ्लिक्स पर देख पाएंगे.
साउथ सुपरस्टार Mohanlal ने मांगी फैंस से माफी, सिडनी शो को लेकर इमोशनल हुए मेगास्टार
