Stock Market: मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव का असर दुनिया पर साफ नज़र आ रहा है. ऐसे में शेयर मार्केट का हाल भी बुरा है. अगर आप भी मार्केट पर नज़र रखते हैं, तो ये खबर आपके लिए ही है.
23 April, 2026
आज सुबह जब दलाल स्ट्रीट पर ट्रेडिंग की घंटी बजी, तो इन्वेस्टर्स के चेहरे पर मुस्कान के बजाय चिंता की लकीरें थीं. ग्लोबल मार्केट से मिल रहे वीक हिंट्स और कच्चे तेल की कीमतों में आए उबाल ने इंडियन शेयर मार्केट की चाल बिगाड़ दी है. सेंसेक्स करीब 725 अंक गोता लगा गया. वहीं, निफ्टी भी 24,200 के खास लेवल के नीचे स्ट्रगल करता नजर आया. वहीं, बाजार में इस बड़ी गिरावट की सबसे बड़ी वजह कच्चा तेल है. अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता फिर से अटकने की खबरों ने इंटरनेशनल मार्केट में हड़कंप मचा दी है. ब्रेंट क्रूड एक बार फिर 100 डॉलर प्रति बैरल के अहम लेवल को पार कर 103 डॉलर तक पहुंच गया है. तेल महंगा होने का मतलब है कि भारत जैसे देशों के लिए महंगाई का खतरा बढ़ना. इसी डर ने आज शेयर बाजार के बुल्स को बैकफुट पर धकेल दिया.
नई पावर डील
इस गिरते बाजार में भी कुछ खबरें ऐसी रहीं जिन्होंने निवेशकों का ध्यान अपनी तरफ खींचा. मुकेश अंबानी की कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने इंश्योरेंस सेक्टर में बड़ा धमाका किया है. इसने दुनिया की दिग्गज कंपनी अलायंज ग्रुप के साथ 50:50 का जॉइंट वेंचर बनाने के लिए एग्रीमेंट किया है. ये दोनों कंपनियां मिलकर भारत के तेजी से बढ़ते जनरल और हेल्थ इंश्योरेंस मार्केट में अपनी धाक जमाएंगी. इस खबर के बाद जियो फाइनेंशियल के शेयर्स में हरियाली देखी गई.
यह भी पढ़ेंः‘सोना गिरा रे… दिल्ली के बाजार में! जंग ने छीनी Gold की नींद, Silver की चमक भी पड़ी फीकी
कहीं प्रोफिट, कहीं लॉस
ओरेकल फाइनेंशियल कंपनी का मुनाफा 30% उछलकर 841 करोड़ रुपये रहा, जिससे इसका शेयर करीब 4% से ज्यादा चढ़ गया. इसके अलावा टाटा कम्युनिकेशंस कंपनी का मुनाफा 74% लुढ़क गया, लेकिन इसके बावजूद बोर्ड ने 17.5 रुपये के डिविडेंड का तोहफा दिया है. साथ ही SBI लाइफ इंश्योरेंस का मुनाफा करीब 1% गिरकर 804 करोड़ रुपये रहा, जिसके बाद शेयर में अच्छी-खासी प्रोफिट बुकिंग देखी गई. केपी एनर्जी को इंटर-स्टेट बिजली ट्रेडिंग का लाइसेंस मिल गया है, जिसके बाद शेयर ने 7% का अपर सर्किट लगा दिया.
रिपोर्ट कार्ड पर नजर
आज रिजल्ट की भारी लिस्ट है. इंफोसिस, यूनियन बैंक, टाटा टेलिसर्विस और एमएंडएम लॉजिस्टिक्स जैसी कई बड़ी कंपनियां आज अपने रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगी. इंफोसिस ने ओपनएआई के साथ हाथ मिलाने की बड़ी अनाउंसमेंट भी की है, जो फ्यूचर में AI सेक्टर में कंपनी को नई मजबूती देगा.
रुपये और सोने का हाल
डॉलर के मुकाबले रुपया आज 21 पैसे कमजोर होकर 94 के लेवल पर खुला. वहीं, सोने की कीमतों में भी उतार-चढ़ाव जारी है. तेल की वजह से महंगाई बढ़ने के डर और ब्याज दरों में कटौती की संभावना कम होने से सोने में 0.7% की गिरावट देखी गई. यानी आज का बाजार पूरी तरह से ग्लोबल टेंशन और तेल की कीमतों के इशारों पर नाच रहा है. फॉरेन इन्वेस्टर्स लगातार पैसा निकाल रहे हैं, जिससे बाजार पर प्रेशर बना हुआ है.
News Source: PTI
यह भी पढ़ेंः IT शेयर्स ने छीनी Stock Market की रौनक, टाटा एलेक्सी का डिविडेंड भी नहीं रोक पाया गिरावट!
