Share Market Today: पश्चिम एशिया में जारी तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है. इसकी वजह से भारत सहित दुनिया के कई बाजार प्रभावित हो रहे हैं. भारतीय बाजार में उतार-चढ़ाव की स्थिति ने निवेशकों की भावनाओं को आशंका में डाल दी है कि कब क्या हो जाए, किसे पता. वहीं, भारतीय शेयर बाजार से विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी है. कच्चे तेल के भाव बढ़ने से डॉलर की मांग बढ़ रही है और भारतीय करेंसी रुपया कमजोर हो रहा है.
इस बीच आज बुधवार को घरेलू शेयर बाजार में एक बार फिर से गिरावट दर्ज की गई है. मार्केट खुलने के कुछ देर बाद ही 30 शेयरों वाले सेंसेक्स में 850 से अधिक अंकों की गिरावट देखी गई, वहीं निफ्टी भी 23300 के नीचे आकर कारोबार करने लगा. आइए जानते हैं कि सेंसेक्स और निफ्टी की क्या स्थिति है और कौन से शेयर उछाल दिखाएं हैं और किसमें गिरावट देखी जा रही है.
सेंसेक्स में 850 अंकों से अधिक की गिरावट
सबसे पहले बात हम सेंसेक्स की करते हैं. आज बुधवार को मार्केट खुलते ही सेंसेक्स में गिरावट दिखी. यह आज लाल निशान में 74,507.73 के लेवल पर खुला. यह सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर 850.25 अंकों की गिरावट के साथ लाल निशान में 73,799.59 पर कारोबार करते हुए दिखा. इसमें 1.14 फीसदी की सुस्ती दिखी. सेंसेक्स के 30 शेयरों में केवल 3 शेयर ही हरे निशान में कारोबार करते हुए दिखे बाकी के 27 शेयरों में गिरावट देखी गई. बता दें कि शेयर बाजार में लाल निशान का मतलब गिरावट और हरे निशान का मतलब तेजी यानी उछाल होता है. मंगलवार को सेंसेक्स 74,649.84 पर बंद हुआ था.

अडानी पोर्ट्स समेत इन शेयरों में तेजी
सेंसेक्स के जिन तीन शेयरों में तेजी दिखी है, उनके नाम अडानी पोर्ट्स, भारती एयरटेल और टाटा स्टील हैं. अडानी पोर्ट्स में 1.10 फीसदी की तेजी दिखी है. भारती एयरटेल की बात करें तो इसमें अभी 0.37 फीसदी की मजबूती आई है, वहीं टाटा ग्रुप के टाटा स्टील में 0.07 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है.
टीसीएस समेत इन शेयरों में गिरावट
स्टॉक एक्सचेंज BSE की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, बात अब गिरावट वाले शेयर की करते हैं. टाटा ग्रुप के टीसीएस शेयर में सबसे अधिक 5.11 फीसदी की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. इसके अलावा एचसीएल टेक में 2.92 फीसदी, टेक महिंद्रा में भी 2.92 फीसदी की गिरावट देखी गई है. वहीं, इंफोसिस में 2.63 फीसदी, इटरनल में 1.89 फीसदी, आईटीसी में 1.78 फीसदी और एसबीआई में 1.28 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है.

निफ्टी का 23262.00 पर कारोबार
अब बात 50 शेयरों वाले निफ्टी की करते हैं. बुधवार को 50 शेयरों वाले निफ्टी में भी गिरावट दिखी. यह मार्केट ओपनिंग के दौरान लाल निशान में 23,415.95 के स्तर पर खुला, लेकिन जल्द ही 23,300 के नीचे आ गया. अभी यह लाल निशान में 23,262.00 पर कारोबार करते हुए दिखा. इसमें 221.55 अंक यानी कि 0.94 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. इसके कुल 50 शेयरों में से केवल 11 हरे निशान में कारोबार करते हुए दिखें. वहीं, 39 शेयरों में गिरावट देखी गई. मंगलवार को निफ्टी 23,483.55 पर बंद हुआ था.
EPFO का बड़ा धमाका: अब ATM और UPI से मिनटों में निकलेगा PF का पैसा! नौकरीवालों की मौज
