Stock Market Updates: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार, 10 सितंबर को कारोबार का मूड कुछ ऐसा रहा जैसे बाजार खुद तय नहीं कर पा रहा हो कि खुश होना है या थोड़ा और संभलकर चलना है. सेंसेक्स और निफ्टी ने कारोबार के दौरान हल्की बढ़त दिखाई. हालांकि, ये तेजी इतनी छोटी रही कि निवेशकों के चेहरे पर बड़ी मुस्कान आने की गुंजाइश नहीं बनी. निफ्टी 23,450 के आसपास मंडराता रहा. वहीं, सेंसेक्स भी मामूली बढ़त के साथ कारोबार करता नजर आया. दोपहर करीब 11:50 बजे Sensex 23.19 अंक यानी 0.03 फीसदी की बढ़त के साथ 74,787.42 पर था. वहीं, निफ्टी 2.30 अंक यानी 0.01 फीसदी ऊपर 23,433.80 पर कारोबार कर रहा था. इस बीच करीब 1,777 शेयरों में तेजी, 1,952 शेयरों में गिरावट और 169 शेयरों में कोई खास बदलाव नहीं दिखा.
क्यों है इतनी कन्फ्यूज?
बाजार की सबसे बड़ी परेशानी इस समय घरेलू कंपनियों की कमाई से ज्यादा मिडिल ईस्ट की टेंशन है. मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव की वजह से कच्चे तेल के प्राइज लगातार बढ़ रहे हैं. क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बना हुआ है. गुरुवार को कच्चा चेल करीब 101.34 डॉलर प्रति बैरल पर था. वहीं, WTI क्रूड करीब 96.55 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा था. अब इसका असर ग्लोबल मार्केट के साथ भारतीय बाजार पर भी पड़ा है. वैसे भी, भारत अपनी जरूरत के तेल का बड़ा हिस्सा आयात करता है. महंगा तेल भारत के लिए इसलिए परेशानी बन सकता है क्योंकि इससे इम्पोर्ट बिल बढ़ सकता है. रुपये पर दबाव आ सकता है और महंगाई को लेकर चिंता फिर से बढ़ सकती है. यानी बाजार के सामने सवाल सिर्फ ये नहीं है कि शेयर ऊपर जाएंगे या नीचे, बल्कि सवाल ये भी है कि तेल कितने दिन तक 100 डॉलर के ऊपर रहता है.
PSU बैंक और मीडिया सेक्टर में रौनक
गुरुवार को सेक्टर के हिसाब से देखें तो PSU बैंक और मीडिया सेक्टर ने बाजार को कुछ सहारा दिया. निफ्टी मीडिया इंडेक्स करीब 1.08 फीसदी ऊपर रहा. वहीं, PSU बैंक इंडेक्स में करीब 0.89 फीसदी की तेजी दर्ज हुई. बैंक निफ्टी भी करीब 0.31 फीसदी ऊपर रहा. प्राइवेट बैंक्स में लगभग 0.21 फीसदी की बढ़त रही. ऑयल एंड गैस सेक्टर में भी करीब 0.13 फीसदी की मामूली तेजी देखने को मिली. यानी जहां एक तरफ पूरा बाजार सुस्त था, वहीं कुछ सेक्टर अपने-अपने अंदाज में तेजी दिखाने की कोशिश कर रहे थे.
तेल की बढ़ती कीमतों से सहमा बाजार, US फ्यूचर्स से एशिया तक गिरावट; महंगाई को लेकर बढ़ी चिंता
ONGC बना स्टार
निफ्टी के चुनिंदा बड़े शेयरों की बात करें तो ONGC ने करीब 1.42 फीसदी की बढ़त के साथ अच्छा प्रदर्शन किया. कंपनी का शेयर लगभग 237.35 रुपये पर पहुंच गया. वहीं, पावर ग्रिड भी करीब 1.26 फीसदी चढ़ा. एक्सिस बैंक के शेयर में 1.13 फीसदी और टेक महिंद्रा में करीब 1.08 फीसदी की तेजी रही. SBI का शेयर भी लगभग 0.93 फीसदी ऊपर रहा.
फार्मा सेक्टर ने बिगाड़ा मूड
अब बात उन सेक्टर्स की जिन्होंने बाजार की खुशी थोड़ी कम कर दी. फार्मा सेक्टर गुरुवार को सबसे कमजोर रहा. सन फार्मा का शेयर करीब 0.64 फीसदी गिरा. वहीं, डॉ. रेड्डीज़ लैबोरेटरीज़ में करीब 0.61 फीसदी की कमजोरी देखने को मिली. मैक्स हेल्थकेयर भी करीब 0.48 फीसदी नीचे रहा. इसके बाद मेटल और FMCG स्टॉक्स में भी कमजोरी देखने को मिली. यानी बाजार में एक तरफ बैंकिंग और मीडिया स्टॉक चमक रहे थे, तो दूसरी तरफ फार्मा सेक्टर दबाव में था. इसके अलावा निफ्टी मिडकैप 100 करीब 0.45 फीसदी नीचे रहा. वहीं, स्मॉलकैप 100 में करीब 0.10 फीसदी की कमजोरी देखने को मिली. वहीं, इंडिया VIX करीब 1.09 फीसदी गिरकर 11.79 पर आ गया. VIX को आम तौर पर बाजार में आने वाले उतार-चढ़ाव को मापने के लिए देखा जाता है.
FII की बिकवाली और सोने की चाल
भारतीय शेयर बाजार में विदेशी और घरेलू निवेशकों की चाल भी काफी अहम हो गई है. 9 सितंबर को फॉरेन इन्वेस्टर्स यानी FIIs ने भारतीय बाजार में करीब 583 करोड़ रुपये की बिकवाली की. वही, घरेलू इन्वेस्टर्स यानी DIIs ने करीब 1,509 करोड़ रुपये की खरीदारी की. यानी विदेशी निवेशक पैसा निकाल रहे हैं तो घरेलू संस्थागत निवेशक बाजार को सहारा देने की कोशिश कर रहे हैं. इन सबके अलावा गुरुवार को सोने के दामों में भी हल्की तेजी देखने को मिली. कमजोर डॉलर ने सोने को कुछ सहारा दिया. अब इन्वेस्टर्स की नजर अमेरिका के महंगाई आंकड़े पर बनी हुई है. ये आंकड़ा इसलिए खास है क्योंकि इससे अमेरिकी फेडरल रिजर्व की इंटरेस्ट रेट पॉलिसी को लेकर बाजार पर असर पड़ सकता है. अमेरिका में महंगाई के आंकड़े अगर उम्मीद से ज्यादा आते हैं, तो इंटरेस्ट रेट को लेकर चिंता बढ़ सकती है. इसका असर दुनियाभर की मार्केट्स पर भी पड़ सकता है.
News Source: PTI
Sensex लुढ़का, Nifty भी 23,500 के आसपास; IT शेयरों में भारी बिकवाली से बिगड़ा Stock Market का मिज़ाज
