Stock Market Updates: भारतीय शेयर बाजार ने 1 अक्टूबर को कारोबार की शुरुआत थोड़ी कमजोरी के साथ की. दुनियाभर की मिलीजुली तस्वीर और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली का असर बाजार पर दिखाई दिया. हालांकि, आईटी और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी ने गिरावट को काफी हद तक संभाल लिया. सुबह 11:05 बजे सेंसेक्स 108.24 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72,372.05 पर कारोबार कर रहा था. वहीं, निफ्टी 78.30 अंक यानी 0.35 प्रतिशत नीचे 22,542.15 पर था. बाजार में करीब 1,301 शेयर बढ़त में, 2,338 शेयर गिरावट में और 168 शेयर बिना बदलाव के ट्रेड कर रहे थे.
कौन चमका, कौन फिसला?
निफ्टी पर कोटक महिंद्रा बैंक, इंफोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टेक महिंद्रा जैसे शेयरों में मजबूती देखने को मिली. कोटक महिंद्रा बैंक करीब 2.55 प्रतिशत चढ़कर 427.65 रुपये पर पहुंच गया. वहीं, टीसीएस में करीब 2.01 प्रतिशत की तेजी रही. दूसरी तरफ ऑटो और सीमेंट शेयरों पर दबाव नजर आया. बजाज ऑटो, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, ईचर मोटर्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और महिंद्रा एंड महिंद्रा जैसे शेयरों में गिरावट रही. अल्ट्राटेक सीमेंट करीब 2.04 प्रतिशत गिरकर 10,732 रुपये पर आ गया. महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.18 प्रतिशत की गिरावट रही. मारुति सुजुकी भी 2.24 प्रतिशत फिसलकर 11,699 रुपये पर ट्रेड कर रहा था.
MTNL ने मारी बाजी
इस बीच MTNL के शेयर में करीब 12 प्रतिशत की जोरदार तेजी देखने को मिली. बाजार की हलचल के बीच MTNL उन चुनिंदा शेयरों में रहा, जिसने निवेशकों का ध्यान अपनी तरफ खींचा. इसके अलावा BHEL के शेयर में 2.05 प्रतिशत और अपर इंडस्ट्रीज़ में करीब 2.01 प्रतिशत की तेजी रही. हालांकि, दूसरी तरफ जियो फाइनेंशियल सर्विसेज़ 2.07 प्रतिशत गिरकर 212.39 रुपये पर आ गया. वरुण बेवरेजेज में भी करीब 2.04 प्रतिशत की कमजोरी रही. वहीं, सोलर इंडस्ट्रीज़ इंडिया का शेयर करीब 2.01 प्रतिशत फिसला.
भारत में आया Apple Pay, अब iPhone से ऐसे होगी पेमेंट; जानें कार्ड, सिक्योरिटी और इस्तेमाल का तरीका
रिलायंस ने दी टेंशन
रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर भी दबाव में रहा. कंपनी का शेयर करीब 0.71 प्रतिशत गिरकर 1,178.60 रुपये पर पहुंच गया. ये इस शेयर का 52 वीक लो लेवल था. वहीं, बैंकिंग शेयरों ने बाजार को कुछ सहारा दिया. निफ्टी बैंक करीब 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 54,929.20 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था.
रुपये की शुरुआत
करेंसी मार्केट में भारतीय रुपया भी दबाव में नजर आया. बुधवार को ये 95.82 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था. वहीं, गुरुवार को ये 95.95 रुपये प्रति डॉलर पर खुला. डॉलर को ऊंची अमेरिकी बॉन्ड यील्ड से सपोर्ट मिल रहा है. सितंबर में डॉलर इंडेक्स करीब 2 प्रतिशत चढ़ा और दो महीने के हाई लेवल के आसपास बना हुआ है. इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में गुरुवार को ज्यादा हलचल नहीं दिखी. ब्रेंट क्रूड करीब 0.1 प्रतिशत बढ़कर 98.15 डॉलर प्रति बैरल पर रहा. वहीं, WTI क्रूड करीब 0.1 प्रतिशत फिसलकर 90.35 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया.
विदेशी निवेशकों की बिकवाली
बाजार के लिए सबसे बड़ी चिंता विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FII की लगातार बिकवाली है. बुधवार को FII लगातार पांचवें कारोबारी सेशन में बिकवाली पर रहे. उन्होंने 10,148 करोड़ रुपये से ज्यादा की इक्विटी बेची. वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों यानी DII ने करीब 11,271 करोड़ रुपये की खरीदारी करके बाजार को सहारा दिया. सितंबर में FII ने एक्सचेंजों के जरिए करीब 45,536 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची, जबकि प्राइमरी मार्केट में 9,676 करोड़ रुपये का निवेश किए. फिलहाल बाजार की चाल काफी हद तक बॉन्ड यील्ड, विदेशी निवेश और कच्चे तेल की कीमतों पर निर्भर दिखाई दे रही है.
News Source: ANI
Stock Market में लगातार तीसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 72,480 पर बंद; निफ्टी भी फिसला
