Stock Market Closing: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को एक बार फिर बिकवाली का दबाव देखने को मिला. सेंसेक्स और निफ्टी लगातार तीसरे कारोबारी दिन गिरावट के साथ बंद हुए. बाजार की शुरुआत और बीच के कारोबार में तेजी जरूर दिखी, लेकिन दिन खत्म होते-होते निवेशकों ने प्रोफिट बुकिंग शुरू कर दी. बढ़ती कच्चे तेल की कीमतें, ऊंची बॉन्ड यील्ड और विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने बाजार का मूड थोड़ा बिगाड़ दिया.
दिनभर की तेजी हुई गायब
30 शेयरों वाला BSE सेंसेक्स बुधवार को 48.78 अंक यानी 0.07 प्रतिशत गिरकर 72,480.29 पर बंद हुआ. खास बात ये रही कि कारोबार के दौरान सेंसेक्स 533 अंक तक उछल गया था और 73,062.23 का लेवल भी छुआ. यानी दिन में बाजार ने अच्छी तेजी दिखाई, लेकिन आखिरी घंटों में बिकवाली ने सारी बढ़त लगभग खत्म कर दी. इसी तरह NSE निफ्टी भी 95.75 अंक यानी 0.42 प्रतिशत टूटकर 22,620.45 पर बंद हुआ. लगातार तीसरे दिन गिरावट ने निवेशकों को एक बार फिर अलर्ट मोड में डाल दिया है.
इन शेयरों पर रहा दबाव
सेंसेक्स की बड़ी कंपनियों में एटरनल, सन फार्मा, टाइटन, अडानी पोर्ट्स, टाटा स्टील और HDFC बैंक कमजोर रहे. इन शेयरों में गिरावट ने इंडेक्स पर दबाव बढ़ाया. हालांकि, बाजार में हर तरफ लाल निशान नहीं था. कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इंटरग्लोब एविएशन और एक्सिस बैंक जैसे शेयरों में खरीदारी देखने को मिली. यानी बैंकिंग सेक्टर के कुछ शेयरों ने बाजार को संभालने की कोशिश की.
सिर दर्द बना महंगा कच्चा तेल
बाजार के लिए इस समय कच्चे तेल की कीमतें भी एक बड़ी चिंता बनी हुई हैं. बुधवार को कच्चा तेल 0.54 प्रतिशत बढ़कर 103.1 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. तेल की कीमतों में बढ़ोतरी भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश के लिए महत्वपूर्ण होती है. इससे इससे आयात बिल और महंगाई बढ़ने की टेंशन रहती है. इसके अलावा वैश्विक बॉन्ड यील्ड में मजबूती भी निवेशकों के लिए चिंता का की वजह बनी हुई है.
विदेशी निवेशकों की बिकवाली
विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FIIs की गतिविधियां भी बाजार के सेंटीमेंट पर असर डाल रही हैं. एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार को FIIs ने भारतीय शेयर बाजार में 9,980.22 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची. मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि, ऊंचे लेवलों पर प्रोफिट बुकिंग, तेल की कीमतों में तेजी और ऊंची बॉन्ड यील्ड की वजह से निवेशक फिलहाल बड़े जोखिम लेने से बच रहे हैं.
ग्लोबल मार्केट का रुख
एशियाई बाजारों में बुधवार को मिला-जुला कारोबार देखने को मिला. दक्षिण कोरिया का कोस्पी गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि जापान का निक्की 225, हांगकांग का हैंग सेंग और शंघाई का SSE कम्पोजिट इंडेक्स बढ़त में रहे. यूरोपीय बाजारों में भी कारोबार मिला-जुला रहा. इससे पहले मंगलवार को अमेरिकी बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों और मिडिल ईस्ट टेंशन भी मार्केट में गिरावट की वजह है. ऐसे में आने वाले दिनों में निवेशकों की नजर तेल, बॉन्ड यील्ड और महंगाई से जुड़े हिंट्स पर रहेगी.
News Source: ANI
भारत में आया Apple Pay, अब iPhone से ऐसे होगी पेमेंट; जानें कार्ड, सिक्योरिटी और इस्तेमाल का तरीका
