Stock Market Updates: भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार, 20 अगस्त को शानदार शुरुआत की. पिछले कई दिनों से लगातार दबाव झेल रहे बाजार में आज खरीदारी का मूड नजर आया. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 500 अंकों से ज्यादा चढ़ गया. वहीं, निफ्टी भी 24,200 के स्तर के करीब पहुंच गया. IT और बैंकिंग शेयरों में तेजी ने बाजार को अच्छा सहारा दिया. सुबह 9:39 बजे के आसपास सेंसेक्स 533.80 अंक यानी 0.69 फीसदी की तेजी के साथ 77,443.48 पर कारोबार कर रहा था. वहीं, निफ्टी 118.95 अंक यानी 0.49 फीसदी ऊपर 24,197.25 के स्तर पर था. आज सुबह करीब 2,314 शेयरों में तेजी दिखी. वहीं, 831 शेयरों में गिरावट रही. इसके अलावा 158 शेयर बिना बदलाव के कारोबार कर रहे थे.
निफ्टी ने ली राहत की सांस
निफ्टी के लिए आज की तेजी इसलिए भी खास है क्योंकि इंडेक्स लगातार 7 कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद संभलता नजर आया. वहीं, सेंसेक्स भी लगातार 4 दिन की गिरावट के बाद हरे निशान में लौटा. बुधवार को सेंसेक्स 325.78 अंक गिरकर 76,909.68 पर बंद हुआ था. निफ्टी भी 76.60 अंक टूटकर 24,078.30 पर बंद हुआ था. ऐसे में गुरुवार की मजबूत शुरुआत ने निवेशकों के चेहरे पर थोड़ी राहत जरूर ला दी. वैसे, बाजार में ये तेजी सिर्फ घरेलू वजहों से नहीं आई. अमेरिकी बाजारों में मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में नरमी ने दुनिया भर के शेयर बाजारों का मूड बेहतर किया. एशियाई बाजारों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली. दक्षिण कोरिया का कोस्पी करीब 5.74 फीसदी उछला. जापान का निक्की, शंघाई का SSE कम्पोजिट और हांगकांगका हैंग सेन भी बढ़त में रहे.
IT और बैंकिंग शेयरों में चमक
आज बाजार की तेजी में IT और बैंकिंग कंपनियों का खास योगदान रहा. इन्फोसिस, HCL टेक, विप्रो, नेस्ले और HDFC बैंक शुरुआती कारोबार में मजबूत नजर आए. एटरनल, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस और TCS जैसे शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली. गंधा पर श्रीराम फाइनेंस, इंफोसिस, एटरनल, कोटक महिंद्रा बैंक और बजाज फाइनेंस प्रमुख बढ़ने वाले शेयरों में रहे. दूसरी तरफ हिंडाल्को, ओएनजीसी, कोल इंडिया, मैक्स हेल्थकेयर, एनटीपीसी और M&M जैसे शेयरों पर दबाव नजर आया.
कच्चे तेल की गर्मी से Stock Market में गिरावट, Sensex लुढ़का; Nifty भी 24,250 के करीब
आदित्य बिड़ला कैपिटल की नई एंट्री
इस बीच आदित्य बिड़ला कैपिटल भी चर्चा में रहा. कंपनी के NBFC कारोबार ने गोल्ड लोन बिजनेस में कदम रखने का ऐलान किया है. ये कंपनी के सुरक्षित कर्ज यानी सिक्योर लेंडिंग पोर्टफोलियो को बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है. इस खबर के बाद आदित्य बिड़ला कैपिटल का शेयर 2.23 फीसदी चढ़कर 405.60 रुपये के आसपास कारोबार करता नजर आया. शेयर ने कारोबार के दौरान 406.35 रुपये का हाई लेवल भी टच किया.
विदेशी निवेशकों का भरोसा
बाजार में तेजी की एक वजह विदेशी निवेशकों की वापसी भी मानी जा रही है. बुधवार को FIIs ने 407.99 करोड़ रुपये की खरीदारी की. वहीं, DIIs ने करीब 3,973.72 करोड़ रुपये की खरीदारी की. घरेलू संस्थागत निवेशकों की ये खरीदारी बाजार के लिए मजबूत सपोर्ट का काम कर रही है. हालांकि, निवेशकों की नजर अभी भी विदेशी फंड पर बनी रहेगी.
रुपये और डॉलर का हाल
गुरुवार को भारतीय रुपया भी थोड़ा मजबूत खुला. डॉलर के मुकाबले रुपया 95.57 पर खुला, जबकि पिछला बंद स्तर 95.76 था. दूसरी तरफ अमेरिकी डॉलर करीब तीन महीने के निचले स्तर के आसपास बना हुआ है. वहीं, कच्चे तेल की कीमतें फिलहाल ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं. कच्चा तेल करीब 91.87 डॉलर प्रति बैरल पर था. हालांकि, मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और अमेरिका-ईरान संघर्ष को लेकर बाजार में चिंता बनी हुई है. ऐसे में तेल की कीमतों में आगे होने वाला बदलाव भारतीय बाजार के लिए अहम रहेगा.
News Source: PTI
Stock Market में छाए काले बादल, Shiprocket की शानदार एंट्री; पर फिसल गए Sensex-Nifty
