Stock Market: आज की सुबह शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करने वालों के लिए राहत भरी रही. कई दिनों की लगातार गिरावट के बाद आज बाज़ार ने थोड़ी राहत की सांस ली है.
05 March, 2026
पिछले कुछ दिनों से शेयर बाजार में चल रही उथल-पुथल के बाद आज इन्वेस्टर्स के चेहरे पर मुस्कान वापस आई है. गुरुवार की सुबह भारतीय शेयर बाजार के लिए राहत भरी खबर लेकर आई, जहां सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने ही जोरदार वापसी की. मिडिल ईस्ट में जारी तनाव की वजह से पिछले कुछ सेशन में शेयर मार्केट को भारी नुकसान झेलना पड़ा था, लेकिन ग्लोबल मार्केट से मिले पॉजिटिव हिंट्स ने आज घरेलू बाजार में नई जान फूंक दी.
सुबह-सुबह दिखा दम
बाज़ार की शुरुआत होते ही 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 550.27 अंक उछलकर 79,666.46 के लेवल पर पहुंच गया. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी पीछे नहीं रहा और इसने 171.45 अंकों की बढ़त के साथ 24,651.95 पर दस्तक दी. ये उछाल उन इन्वेस्टर्स के लिए बड़ी राहत है जो पिछले चार दिनों से बाजार में गिरावट का मंजर देख रहे थे. बुधवार को ही सेंसेक्स 1,122 अंक टूटकर बंद हुआ था, जिससे हर तरफ चिंता का माहौल था.
इन शेयर्स ने मारी बाजी
आज की इस रिकवरी में कई बड़ी कंपनियों का हाथ रहा. सेंसेक्स की कंपनियों में अडाणी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा स्टील और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर्स में अच्छी खरीदारी देखी गई. इस वजह से मार्केट को ऊपर चढ़ने में मदद मिली. हालांकि, हर तरफ हरियाली नहीं थी. एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक और एशियन पेंट्स जैसी कंपनियां शुरुआत में थोड़ा सुस्त नजर आईं और गिरावट के साथ ट्रे़ड करती दिखीं.
यह भी पढ़ेंःमिडिल ईस्ट की जंग से ग्लोबल मार्केट को झटका, होर्मुज स्ट्रेट में अटके जहाज, कच्चे तेल के बढ़ें दाम
रुपये का कमाल
शेयर बाजार के साथ-साथ भारतीय रुपये ने भी जबरदस्त रिकवरी की. बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.05 के अपने अब तक के सबसे लो लेवल पर पहुंच गया था. लेकिन आज सुबह इसमें 48 पैसे की मजबूती देखी गई और ये 91.57 पर ट्रेड करने लगा. हालांकि, एक्सपर्ट्स का मानना है कि कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और डॉलर की मजबूती अभी भी रुपये पर दबाव बनाए रख सकती है.
ग्लोबल मार्केट का सहारा
बाजार की इस तेजी के पीछे विदेशी बाजारों का बड़ा हाथ है. अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे, जिसका असर आज एशियाई मार्केट पर भी दिखा. दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स तो 10 प्रतिशत से भी ज्यादा की छलांग लगाकर सबको हैरान कर गया. इसके अलावा जापान का निक्केई, शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी मजबूती के साथ कारोबार कर रहे हैं.
कच्चे तेल की कीमत
बाजार में तेजी के बावजूद एक चिंता अब भी बनी हुई है और वो है कच्चे तेल की कीमत. इंटरनेशनल मार्केट में ब्रेंट क्रूड 2.86 प्रतिशत बढ़कर 83.73 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है. मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ती टेंशन ने तेल की सप्लाई को लेकर डर पैदा कर दिया है. वैसे भी, भारत अपनी जरूरतों का 85 प्रतिशत हिस्सा इम्पोर्ट करता है, इसलिए कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें भारत का बिल बढ़ा सकती हैं. इसका सीधा असर इंडियन इकोनॉमी पर पड़ सकता है. कुल मिलाकर मार्केट में अब भी उतार-चढ़ाव की संभावना बनी हुई है क्योंकि फॉरेन इन्वेस्टर्स लगातार प्रोफिट बुकिंग कर रहे हैं. बुधवार को भी फॉरेन इन्वेस्टर्स ने 8,752.65 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे. वहीं, इंडियन इन्वेस्टर्स ने 12,068.17 करोड़ रुपये की खरीदारी कर बाजार को संभालने की कोशिश की.
News Source: PTI
यह भी पढ़ेंः मिडिल ईस्ट की आग में झुलसी Share Market, अब सोने की चमक भी खाली करेगी आपकी जेब; जानें ताजा भाव
