Agar Murder Case: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है. एक पिता ने अपनी ही 22 वर्षीय बेटी की गला दबाकर जान ले ली. मामला यह था कि बेटी अंकिता ने इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP) के जवान से कोर्ट मैरिज कर ली थी. रविवार की रात 12 बजे पिता ने अपनी पत्नी और बेटे के सामने पहले अंकिता को खूब पीटा और उसके बाद चुनरी से गला घोंट दिया. वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी और बेटे को घटनास्थल से भगा दिया और खुद शव के पास बैठा रहा.
पड़ोसियों ने पुलिस को बुलाया
यह पूरी घटना जैतपुर पुलिस स्टेशन इलाके के प्रताप नगर में हुई, जहां पर विमल शर्मा नाम के शख्स ने अपनी बेटी अंकिता की हत्या कर दी. इसके बाद चीख-पुकार मच गई और फिर पड़ोसियों ने पुलिस को बुला लिया. पुलिस जब घर के अंदर घुसी तो उसने देखा कि अंकिता का शव जमीन पर पड़ा था. पुलिस ने जब आरोपी से पूछताछ की तो उसने तुरंत अपना आरोप स्वीकार कर लिया. पिता ने बताया कि मेरी बेटी ने चार महीने पहले ITBP के जवान से कोर्ट मैरिज कर ली थी. यही वजह थी कि मैंने अपनी बेटी की हत्या कर दी. फिलहाल पुलिस ने पिता को गिरफ्तार कर लिया है.
बारीकी से जांच कर रही है पुलिस
पुलिस के मुताबिक, परिवार लगातार उस पर शादी तोड़ने के लिए कथित तौर पर दबाव बना रहा था. पुलिस ने बताया कि घर से चीखने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे. डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (East) अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि विमल शर्मा ने अपनी बेटी की हत्या कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है. उन्होंने आगे कहा कि हमें शक है कि इस हत्या में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं. इसी कारण हम मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं.
‘बार-बार मरने से बेहतर…’ सहारनपुर में कॉलेज अकाउंटेंट ने खुद को मारी गोली; भांजी को भेजा सुसाइड नोट
किराए पर रहता है परिवार
जैतपुर कस्बे में विमल शर्मा 15 साल से किराए के मकान में रह रहे थे. वह मूलरूप से फिरोजबाद का रहने वाला है और एक दुकान पर छोटी से नौकरी करता है. परिवार में पत्नी सीता, बेटा अंकुश और बेटी अंकिता थी. अंकिता ने संघर्ष करते हुए BA की पढ़ाई कर ली थी.
2-3 साल से था अंकिता का अफेयर
आपको बताते चलें कि अंकिता का 2-3 साल से अमित पचौरी नाम के शख्स से अफेयर चल रहा था. वह नहटोली गांव में रहता है और वर्तमान में ITBP में तैनात है. दोनों के घरों के बीच की दूरी करीब 6 किलोमीटर है. दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन इसके लिए अंकिता का परिवार राजी नहीं था. वही, अपने परिवार के खिलाफ जाकर अंकिता ने चार महीने पहले अमित से शादी कर ली. शादी के बाद अमित अपनी ड्यूटी पर चला गया और अंकिता अपने माता-पिता के पास रहने आ गई. परिवार के लोग उसकी शादी से नाराज थे और लगातार उस पर शादी तोड़ने का दबाव बना रहे थे.
