Bihar Crime: बिहार के औरंगाबाद से शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. दाउदनगर थाना क्षेत्र के गंगा बिगहा गांव में चाची ने जेठ से प्रतिशोध के चलते दो वर्ष के मासूम को नहर में फेंक दिया, जिससे बच्चे की तड़प-तड़प कर मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है. घटना की जानकारी मिलते ही आरोपी महिला के घर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. मासूम का शव मिलते ही गांव में मातम पसर गया.
प्रतिशोध में उठाया खौफनाक कदम
दाउदनगर पुलिस के मुताबिक, आरोप है कि पारिवारिक विवाद और जेठ के प्रति बदले की भावना में गंगा बिगहा निवासी जयप्रकाश यादव की पत्नी नीतू कुमारी ने अपने दो वर्ष के मासूम भतीजे को नहर में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. बच्चे का शव शनिवार सुबह घर के पास नहर से बरामद किया गया. दाउदनगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रभूषण कुमार ने बताया कि गंगा बिगहा निवासी विकास यादव की पत्नी संगीता देवी ने शुक्रवार को अपने दो वर्षीय पुत्र भोला कुमार उर्फ प्रिंस कुमार के लापता होने को लेकर थाने में लिखित आवेदन दिया था, जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया.
आरोपी महिला गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद पुलिस कप्तान के निर्देश पर दाउदनगर एसडीपीओ चंद्रभूषण कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई और एसआईटी की टीम ने स्थानीय स्तर पर छानबीन के साथ तकनीकी साक्ष्य, गुप्त सूचना और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर गंगा बिगहा निवासी नीतू कुमारी (25) को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था. हिरासत में पूछताछ के दौरान महिला ने बच्चे को नहर में फेंकने की बात स्वीकार की है. पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला मासूम की सगी चाची है.
महिला ने कहा- पति के कान भरता था जेठ
आरोपी महिला ने स्वीकार किया कि उसके पति जयप्रकाश यादव को जेठ विकास यादव और जेठानी संगीता देवी मिलकर उसके खिलाफ भड़काते थे. इस कारण पति उसे हमेशा मारते-पिटते रहता था. इसलिए वह अपने पति और जेठ-जेठानी के प्रति बदले की भावना रखती थी. प्रतिशोध में ही उसने अपने जेठ के पुत्र भोला कुमार उर्फ प्रिंस कुमार को गोद में लेकर घर के पास स्थित नहर में फेंक दिया. इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को जेल भेज दिया है. पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
