Family Suicide: राजस्थान के अजमेर जिले में पति-पत्नी और बेटी ने आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही घर पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर को चारों तरफ से घेरकर जांच शुरू कर दी. घटना शनिवार को गढ़ी मलयान इलाके में हुई. पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अशोक शर्मा (59), उनकी पत्नी इंदिरा शर्मा (52) और बेटी दीक्षा शर्मा (20) के तौर पर हुई है. पुलिस ने बताया कि तीनों ने पानी में सल्फ़ास की गोलियां मिलाकर पी ली थीं. उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें जवाहरलाल नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शुरू की जांच
आदर्श नगर के SHO ओम प्रकाश मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. उन्होंने बताया कि घटना के समय अशोक शर्मा का बेटा गौरव कमरे में मौजूद था. गौरव करीब दो दिन पहले ही जयपुर से अजमेर आया था, जबकि उसकी पत्नी अपने मायके गई हुई थी. पुलिस ने बताया कि अशोक शर्मा फ़र्नीचर के व्यापारी थे. उन्होंने कहा कि मौत की वजह अभी साफ़ नहीं हो पाई है. पुलिस परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और उन हालात की जांच कर रही है जिसकी वजह से तीनों को खुदकुशी जैसा आत्मघाती कदम उठाना पड़ा. पड़ोसियों का कहना था कि परिवार भारी कर्ज़ में डूबा हुआ था.
हालात के बारे में रिश्तेदारों से की थी चर्चा
पुलिस ने बताया कि अशोक शर्मा ने रिश्तेदारों को फ़ोन करके इस आत्मघाती कदम के बारे में बताया था. शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है. पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम के बाद मौत से जुड़े हालात साफ़ हो जाएंगे. आदर्श नगर के SHO ओम प्रकाश मीणा ने बताया कि पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि अशोक शर्मा फ़र्नीचर का काम करते थे. शर्मा कुर्सी, मेज, डबल बेड और सोफे की सप्लाई भी किया करते थे. बाजार में उनका काफी पैसा फंसा हुआ था, जिसकी वजह से वह भारी कर्ज में आ गए थे. कर्ज को लेकर घर में अक्सर विवाद भी होता रहता था. अशोक शर्मा ने अपने हालात के बारे में रिश्तेदारों से भी चर्चा की थी. आदर्श नगर के SHO ओम प्रकाश मीणा ने बताया कि पुलिस इन्हीं सब पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.
मुंबई में तेज रफ्तार बनी काल : डिवाइडर तोड़ते हुए पुल से 75 फीट नीचे गिरी कार, तीन छात्रों की मौत
News Source: PTI
