Father Killed Son: झारखंड से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. हजारीबाग जिले में एक व्यक्ति ने पारिवारिक झगड़े में गुस्सा निकालने के लिए अपने ही मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने बुधवार को शख्स को गिरफ्तार किया. आरोप है कि उसने अपनी पत्नी और मां के बीच हुए झगड़े के बाद गुस्से में आकर अपने छह महीने के बेटे की हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि यह घटना मंगलवार शाम को कटकमसांडी पुलिस स्टेशन इलाके के लुपुंग गांव में हुई.
सड़े आलू फेंकने को लेकर हुआ झगड़ा
कटकमसांडी पुलिस स्टेशन के ऑफिसर-इन-चार्ज अनुपम प्रकाश ने PTI को बताया, “आकाश कुमार मेहता की पत्नी निराली और मां फूटो देवी के बीच सड़े हुए आलू फेंकने को लेकर झगड़ा हो गया. जब वह घर आया और झगड़ा होते हुए देखा तो गुस्से में आ गया.” इसके बाद उसने अपने बच्चे को ही मार डाला. अधिकारी ने बताया कि इसके बाद उसने बच्चे को उठाकर कुएं के पास एक पत्थर पर पटक दिया. गांव वाले बच्चे को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले गए, उन्हें लगा कि वह अभी भी जिंदा हो सकता है. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
मां ने की हत्या की शिकायत
बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिवार को सौंप दिया गया. पुलिस ने बताया कि बच्चे की मां की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया गया है. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पिता आकाश को कोर्ट में पेश किया. उन्होंने बताया कि उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. बच्चे की मौत से मां बेसुध हो गई और पूरे गांव में शोक की लहर है. पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलु विवाद को ही हत्या का कारण माना जा रहा है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच करते हुए साक्ष्य जुटा रही है.
रुड़की में बहनों की हत्या
हत्या का एक हैरान करने वाला मामला उत्तराखंड के रुड़की से भी सामने आया है. यहां विवेक नाम के शख्स ने अपनी दो बहनों की हत्या कर दी. मंगलवार शाम को विवेक ने अपनी बहन शकुंतला के घर गया और उसे गोली मार दी. इसके बाद वह दूसरी बहन पुष्पा के घर गया और उस पर गोलियां बरसा दी. उसने अपने जीजा को भी घायल कर दिया. शुरुआती जांच में सामने आया कि उसे अपनी बहनों के चरित्र पर शक था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.
रक्षा बंधन से पहले भाई ने दो बहनों को उतारा मौत के घाट, जीजा घायल, दोनों के चरित्र पर करता था शक
News Source: PTI
