Gujarat Crime: गुजरात के साबरकांठा जिले के ईडर से इंसानियत को झकझोर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है. जमीन के लालच और अंधविश्वास के चलते एक ही परिवार के दो मासूम सगे भाइयों की हत्या किए जाने का खुलासा हुआ है. दो दिन पहले 8 साल के मासूम केवल की हत्या के मामले में ईडर पुलिस ने आरोपी सावनजी अलखाजी ठाकोर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी. इसी पूछताछ के दौरान आरोपी ने करीब एक साल पुराने 12 वर्षीय अमित की हत्या का भी राज उगल दिया.
जांच में सामने आया पुराने कत्ल का भी सच
समलापुर गांव के रहने वाले परिवार पर उस वक्त दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब दो दिन पहले 8 साल के केवल की हत्या कर दी गई. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सावनजी अलखाजी ठाकोर को हिरासत में लिया और उससे गहन पूछताछ शुरू की. रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी ने एक साल पहले हुई एक ऐसी वारदात का खुलासा किया, जिसका सच अब तक सामने नहीं आया था. आरोपी के मुताबिक, उसने पिछले साल 12 साल के अमित का अपहरण किया था और बाद में उसे चेकडैम के गहरे पानी में धक्का देकर उसकी हत्या कर दी थी.
समलापुर गांव में छाया मातम
पुलिस पूछताछ में सामने आई जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने जमीन के लालच और अंधविश्वास के चलते दोनों वारदातों को अंजाम दिया. पहले 12 साल के अमित को निशाना बनाया गया और करीब एक साल बाद उसके छोटे भाई केवल की हत्या कर दी गई. अमित के लापता होने के बाद परिवार लंबे समय तक उसके वापस लौटने की उम्मीद लगाए बैठा था. परिवार को यह अंदाजा भी नहीं था कि अमित की हत्या कर दी गई है. अब केवल की हत्या की जांच के दौरान अमित की हत्या का भी खुलासा होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. एक ही परिवार के दो बच्चों की हत्या का सच सामने आने के बाद समलापुर गांव में मातम का माहौल है.
घटना से लोगों में गहरा आक्रोश
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी गहरा आक्रोश है. परिवार अभी 8 साल के केवल की मौत के सदमे से बाहर भी नहीं निकला था कि बड़े बेटे अमित की हत्या की जानकारी ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं. जिन माता-पिता को अब तक अपने बड़े बेटे के लौटने की उम्मीद थी, उन्हें अब उसके साथ हुई हैवानियत का सच पता चला है. पुलिस ने आरोपी सावनजी ठाकोर के खिलाफ अमित की हत्या को लेकर एक और मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब दोनों हत्याओं की कड़ियों को जोड़ते हुए मामले की आगे की जांच कर रही है. एक ही परिवार के दो मासूम बेटों की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है.
