Odisha Human Sacrifice: आज के समय में भी कुछ लोग तंत्र-मंत्र जैसी चीजों पर भरोसा करते हैं. अंधविश्वास इतना ज्यादा हावी हो जाता है कि लोग अपनी इच्छा पूरी करने की चाहत में किसी भी अपराध को करने में हिचकते नहीं हैं. ओडिशा से ऐसी ही एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. एक आदमी ने अपनी पत्नी को वापस पाने की सनक में नरबलि दे दी. पुलिस ने बताया है कि ओडिशा के बोलनगीर जिले में एक आदमी ने अपनी अलग रह रही पत्नी को पाने के लिए कथित तौर पर पास के गांव एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी.
पत्नी का पाने की सनक
यह मामला पिछले गुरुवार को तब सामने आया जब तेबदामुंडा गांव के रहने वाले संतोष खरसेल (45) की सिर कटी लाश बागड़ा गांव के एक तालाब से मिली. संतोष 18 अगस्त से लापता था. जांच में पता चला कि पीड़ित को आखिरी बार शत्रुघ्न साहू (40) के साथ देखा गया था. साहू को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के दौरान उसने जुर्म कबूल कर लिया, लेकिन उसने दावा किया कि शराब पीने के बाद हुई तीखी बहस के बाद उसने हत्या की थी. हालांकि, आगे की पूछताछ के दौरान उसने माना कि यह हत्या उसने अपनी पत्नी को वापस पाने की कोशिश में की थी, जो उसे करीब तीन साल पहले छोड़कर चली गई थी.
मेहमान को खाने पर बुलाकर की हत्या
बोलनगीर के सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SP) अभिलाष जी ने कहा, “आरोपी और पीड़ित एक-दूसरे को नहीं जानते थे. संतोष से मिलने के बाद, साहू ने उसे अपने घर खाने पर बुलाया और उसकी हत्या कर दी.” हत्या के बाद, आरोपी संतोष की लाश को गांव के बाहर ले गया और एक तालाब में फेंक दिया. SP ने कहा, “हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या का हथियार भी जब्त कर लिया है.” अधिकारी ने कहा, “शुरू में हमें शक था कि आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए सिर फेंक दिया. लेकिन बाद में पूजा के कमरे से सिर निकालने पर बलि का एंगल सामने आया.”
सिर काटकर पूजा कक्ष में गाड़ा
कटा हुआ सिर साहू ने घर के पूजा वाले कमरे में गाड़ दिया गया था. कबूलनामे के बाद, मृतक का सिर साहू के पूजा वाले कमरे से निकाला गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. गुरुवार को स्थानीय लोगों ने तालाब के पास बिना सिर वाली लाश देखी और पुलिस को बताया. इसके बाद, देवगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, जिसके बाद पूरा कांड सामने आया. पुलिस अब जांच कर रही है कि साहू ने कथित मानव बलि की योजना अकेले बनाई थी या उसने किसी और की मदद ली थी.
ऐसे खुला कातिल का राज! गर्लफ्रेंड की हत्या करने के बाद डिक्की में रखा शव; बचपन की थी अच्छी दोस्त
News Source: PTI
