UP Encounter: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में 12 वर्षीय बच्ची से रेप और हत्या के मामले में वांछित 50,000 रुपये का इनामी अपराधी मोनू पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि यह मुठभेड़ 8 अगस्त की रात गुलाओठी थाना क्षेत्र में हुई. रूटीन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने जब बाइक सवार दो संदिग्धों को रोका, तो उन्होंने फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में चोला थाना क्षेत्र के फतेहपुर जडौन निवासी मुख्य आरोपी मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
बाल-बाल बचे सिकंदराबाद SHO
मुठभेड़ के दौरान उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. इस क्रॉस फायरिंग में पुलिस के दो जवान भी घायल हुए हैं. दोनों जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि रुकने का इशारा किए जाने पर संदिग्धों ने पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी फायरिंग में सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार और कॉन्स्टेबल नरेंद्र कुमार को गोली लगी. अधिकारियों ने बताया कि गुलाओठी स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) धर्मेंद्र कुमार शर्मा और सिकंदराबाद SHO शैलेंद्र प्रताप सिंह बाल-बाल बच गए क्योंकि गोलियां उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं. आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा.
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित
फरार संदिग्ध को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. घायल पुलिसकर्मियों और अपराधी को तुरंत पास के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) ले जाया गया. इसके बाद मोनू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से एक अवैध पिस्तौल, काफी संख्या में जिंदा और इस्तेमाल किए गए कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई. मोनू 1 अगस्त को एक नाबालिग लड़की के साथ हुए बर्बर रेप और हत्या के मामले में मुख्य संदिग्ध था, जिसके बाद पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) ने उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये के नकद इनाम की घोषणा की थी. उसका लंबा आपराधिक रिकॉर्ड था और गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, GRP बरेली और GRP अलीगढ़ जिलों में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज थे. उन्होंने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर जगह- जगह दबिश दी जा रही है.
हाथ-पैर बांध मुंह पर लगाया टेप, फिर बंदूक की नोक पर वकील और पत्नी से 3.15 करोड़ की लूट!
News Source: PTI
