NEET Re Exam: 21 जून को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) को लेकर मध्य प्रदेश के सभी जिलों में प्रशासन ने कमर कस ली है. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के निर्देशों के बाद प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों ने कड़े दिशा-निर्देश और गाइडलाइन जारी कर दी है. परीक्षा दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित की जाएगी.
परीक्षार्थियों की भारी संख्या को देखते हुए रेलवे भोपाल, इंदौर और रतलाम से स्पेशल ट्रेनें भी चला रहा है. परीक्षा केंद्रों के भीतर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. परीक्षार्थी अपने साथ मोबाइल, ब्लूटूथ, ईयरफोन या स्मार्ट वॉच नहीं ले जा सकेंगे. इसके अलावा एनटीए ने सख्त ड्रेस कोड भी लागू किया है.
क्या पहनें: परीक्षार्थियों को हल्के रंग के साधारण कपड़े पहनने की सलाह दी गई है.
क्या न पहनें: मोटे कपड़े, बड़े बटन, ज्यादा जेबों वाले परिधान, बेल्ट, घडिय़ां और किसी भी तरह के आभूषण पहनकर आने पर एंट्री नहीं मिलेगी.
भोपाल-इंदौर में सबसे ज्यादा भीड़
इस परीक्षा में प्रदेशभर से हजारों छात्र शामिल हो रहे हैं. सबसे ज्यादा भीड़ भोपाल और इंदौर में रहेगी. इंदौर में जहां 14 हजार से अधिक छात्र परीक्षा देंगे, वहीं भोपाल के 32 केंद्रों पर 13,774 परीक्षार्थी शामिल होंगे. इसके अलावा जबलपुर में 10 हजार, ग्वालियर में 5 हजार और छिंदवाड़ा में 4303 छात्र परीक्षा देंगे.
ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
राजधानी भोपाल में ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है, जिसके अनुसार. आनंद नगर केंद्र के लिए: प्रभात चौराहा-पिपलानी मार्ग पर मेट्रो काम के कारण जाम से बचने के लिए परीक्षार्थी चेतक ब्रिज, गोविंदपुरा, भेल, महात्मा गांधी चौराहा और पिपलानी पेट्रोल पंप वाले रास्ते का इस्तेमाल करें.
गीतांजली कॉलेज गौतम नगर के लिए: नादरा बस स्टैंड, अग्रवाल धर्मशाला, छोला गणेश मंदिर और जेपी ब्रिज तिराहा होकर डीआईजी बंगला चौराहा मार्ग से पहुंचें.
30 मिनट पहले पहुंचना जरूरी
अधिकारियों ने छात्रों को सलाह दी है कि वे परीक्षा के दिन होने वाली हड़बड़ी और देरी से बचने के लिए एक दिन पहले ही अपना परीक्षा केंद्र जाकर देख लें. परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है.
परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रों के आसपास लाउडस्पीकरों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है और नो-पार्किंग जोन बनाए गए हैं. किसी भी प्रकार की ट्रैफिक समस्या या मदद के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 7049104825, 7049104640 और व्हाट्सएप नंबर 7587602055 भी जारी किए हैं.
