Daler Mehndi: पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी अपनी दमदार आवाज और सुपरहिट गानों के लिए जाने जाते हैं. उनके गाने बजते ही लोग झूमने लगते हैं. लेकिन हाल ही में उत्तराखंड में एक कार्यक्रम में उनके साथ कुछ ऐसा हुआ, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. एक मंत्री ने बीच कार्यक्रम में मंच पर पहुंचकर दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस रुकवा दी. साथ ही उन पर शराब पीकर गाने का आरोप लगा दिया. अब इस पूरे मामले में बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने नाराजगी जाहिर की है.
क्या हुआ दलेर मेहंदी के साथ?
दरअसल, रविवार रात उत्तराखंड के नई टिहरी में सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का प्रोग्राम किया गया था. इस कार्यक्रम में दलेर मेहंदी अपनी परफॉर्मेंस दे रहे थे. तभी कैबिनेट मंत्री और नरेंद्र नगर से विधायक सुबोध उनियाल अचानक स्टेज पर पहुंच गए. मंत्री ने सिंगर की परफॉर्मेंस बीच में रोक दी और उन पर नशे में होने का आरोप लगाया. हालांकि, दलेर मेहंदी के शराब पीने के आरोप की कोई पुष्टि नहीं हुई है.
वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में मंत्री दलेर मेहंदी पर नाराज होते दिखाई दे रहे हैं. वो कहते हैं कि आप लोगों को बेवकूफ क्यों बना रहे हैं? क्या आपने शराब पी रखी है? आप ठीक से बोल भी नहीं पा रहे हैं, तो गाना कैसे गाएंगे? इस बीच दलेर मेहंदी काफी अनकंफर्टेबल दिखे. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस बारे में बहस छिड़ गई.
Daler Mehndi पर नशे में गाने का आरोप, मंत्री ने मंच पर लगाई फटकार, सपोर्ट में उतरे स्टार्स
स्पोर्ट में उतरे अनुपम खेर
अब बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए मंत्री के बिहेवियर पर सवाल उठाए. अनुपम खेर ने कहा कि वो दलेर मेहंदी को पिछले 25-30 सालों से जानते हैं. उनके मुताबिक, दलेर शराब नहीं पीते और बेहद अच्छे इंसान हैं. उन्होंने ये भी बताया कि दलेर मेहंदी पिछले दो-तीन सालों से हेल्थ रिलेटेड प्रोब्लम्स का सामना कर रहे हैं.
मंत्री को सुनाई खरी-खोटी
अनुपम खेर ने मंत्री सुबोध उनियाल से सवाल किया कि अगर उन्हें दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस पसंद नहीं आई, तो क्या सार्वजनिक मंच पर जाकर उनका अपमान करना जरूरी था? उन्होंने कहा कि नाराजगी जताने के और भी तरीके हो सकते थे. मंत्री चाहते तो अकेले में सम्मानपूर्वक अपनी बात रख सकते थे.
इन लोगों ने भी किया सपोर्ट
इस विवाद के बाद दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह, कॉमेडियन कपिल शर्मा और रैपर बादशाह भी उनके स्पोर्ट में सामने आए हैं. वहीं, अनुपम खेर ने फिल्म इंडस्ट्री से भी दलेर मेहंदी के सपोर्ट में आवाज उठाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि किसी भी कलाकार को सार्वजनिक रूप से इस तरह अपमानित करना गलत है.
News Source: ANI
