Diljit Dosanjh Delhi Concert: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के गानों पर झूमने के लिए तैयार दिल्ली वालों के लिए जरूरी खबर है. जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाले उनके कॉन्सर्ट को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने खास एडवाइजरी जारी की है. अगर आप भी इस म्यूजिक इवेंट में शामिल होने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले ट्रैफिक का पूरा प्लान जरूर जान लें. वरना कॉन्सर्ट की मस्ती से पहले सड़कों पर जाम आपका मूड खराब कर सकता है. ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, स्टेडियम के आसपास दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा. इस दौरान कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित या डायवर्ट की जा सकती है.
इन सड़कों पर संभलकर निकलें
कॉन्सर्ट की वजह से भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, आर्च बिशप मार्ग, चौथी और पांचवीं एवेन्यू रोड, CGO कॉम्प्लेक्स के आसपास और JLN स्टेडियम परिसर की आंतरिक सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा. इसके अलावा बारापुला फ्लाईओवर, INA से जंगपुरा मेट्रो स्टेशन के बीच का रास्ता, दयाल सिंह कॉलेज रोड और लोधी कॉलोनी की आंतरिक सड़कों पर भी यातायात व्यवस्था बदली गई है. लोधी रोड से दयाल सिंह कॉलेज रोड की ओर जाने वाले वाहनों को सीधे आगे जाने की अनुमति नहीं होगी. उन्हें लोधी फ्लाईओवर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा. वहीं, लाला लाजपत राय मार्ग से स्टेडियम की तरफ आने वाले वाहनों को भी लोधी फ्लाईओवर की ओर भेजा जाएगा. भीष्म पितामह मार्ग से स्टेडियम गेट नंबर 1 और कोटला मुबारकपुर की ओर जाने वाले वाहनों को मेहरचंद मार्केट और लोधी कॉलोनी की तरफ डायवर्ट किया जा सकता है. इसके अलावा कुशक नाला बस डिपो सिग्नल से स्टेडियम के गेट नंबर 3, 4, 5, 6 और 7 की तरफ जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी. ऐसे वाहनों को चौथी एवेन्यू रोड से लोधी रोड या INA से अरविंदो मार्ग की ओर भेजा जाएगा. वहीं, जरूरत पड़ने पर पुलिस कुछ अतिरिक्त रास्तों पर भी डायवर्जन लागू कर सकती है. इसलिए वाहन चालकों को मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करना चाहिए.
मेट्रो से पहुंचना बेहतर
दिलजीत के कॉन्सर्ट में जाने वालों के लिए मेट्रो सबसे सुविधाजनक ऑप्शन हो सकती है. ट्रैफिक पुलिस ने पर्सनल वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी है.
वायलेट लाइन: इस लाइन से सफर करने वाले यात्री JLN स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं. यहां से स्टेडियम के गेट नंबर 13, 14 और 17 तक पैदल पहुंचा जा सकता है.
येलो लाइन: इस लाइन से आने वाले यात्री INA मेट्रो स्टेशन पर उतर सकते हैं. यहां से गेट नंबर 3, 6 और 8 तक पहुंचने के लिए कैब या ऑटो लेकर कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट तक जा सकते हैं. हालांकि, स्टेशन से निकलने के बाद पैदल रास्ते और वाहन की उपलब्धता देखकर ही आगे बढ़ें.
3 पिकअप पॉइंट
कॉन्सर्ट में कैब, ऑटो या दूसरे वाहनों से पहुंचने वालों के लिए तीन पिकअप और ड्रॉप-ऑफ पॉइंट तय किए गए हैं. इनमें आर्च बिशप मार्ग, लाल मस्जिद-प्रगति विहार और कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट शामिल हैं. आर्च बिशप मार्ग और लाल मस्जिद-प्रगति विहार से स्टेडियम के गेट नंबर 13, 14 और 17 तक पहुंचा जा सकता है. वहीं, कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट से गेट नंबर 3, 6 और 8 तक जाने की व्यवस्था रहेगी. उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण दिल्ली से आने वाले लोगों को अरविंदो मार्ग के रास्ते लोधी रोड तक पहुंचने और आर्च बिशप मार्ग पर उतरने की सलाह दी गई है. दक्षिण, पूर्व और दक्षिण-पूर्व दिल्ली से आने वाले लोग लाला लाजपत राय मार्ग के जरिए लाल मस्जिद-प्रगति विहार पहुंच सकते हैं. नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिल्ली से आने वाले यात्रियों को लोधी रोड पहुंचने से पहले आर्च बिशप मार्ग पर उतरने की सलाह दी गई है.
‘भारत छोड़ो नोटिस’ को Imran Khan ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई 2 नवंबर तक टली
एंबुलेंस को मिलेगी प्राथमिकता
ट्रैफिक पुलिस ने क्लियर किया है कि मेडिकल इमरजेंसी और एंबुलेंस को प्राथमिकता दी जाएगी. उनके लिए रास्ता खुला रखने की व्यवस्था की जाएगी. लोगों से अपील की गई है कि सड़क पर गाड़ी पार्क न करें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और पुलिस के निर्देशों को नजरअंदाज न करें. साथ ही किसी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें.
पहले परमिशन को लेकर थी कन्फ्यूज़न
दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर पहले परमिशन पर सवाल उठे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा चिंताओं, कम समय में तैयारी और त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों के कारण अनुमति मिलने में परेशानी आई थी. हालांकि, आयोजकों के साथ कई बैठकों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दिए जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्यक्रम को अनुमति दे दी.
इन शहरों में भी होगा कॉन्सर्ट
दिल्ली के बाद दिलजीत के भारत दौरे में इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ जैसे शहर भी शामिल हैं. चंडीगढ़ में होने वाले शो की जानकारी बाद में दी जाएगी. ऐसे में अगर आप भी दिलजीत के गानों पर लाइव झूमने जा रहे हैं, तो निकलने से पहले अपना रूट भी देख लें. मेट्रो का इस्तेमाल करें, समय से पहुंचें और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करके अपने कॉन्सर्ट का मजा लें.
News Source: ANI
परिवार को जोड़ने का आधार है ‘संस्कार’, राजेश बोकाडिया और के.सी. बोकाडिया का धारावाहिक हुआ सुपरहिट
