Nushrratt Bharuccha Birthday: नुसरत भरूचा आज अपना 41वां जन्मदिन मना रही हैं. उन्होंने अपने 19 साल के करियर में 26 फिल्में की हैं. उनके बर्थडे पर जानते हैं उनकी जर्नी कैसी रही है और आज उनकी नेटवर्थ क्या है.
17 May, 2026
बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा उन एक्ट्रेस में से हैं, जिन्होंने बिना किसी गॉडफादर के इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई. नुसरत भरूचा आज अपना 41वां जन्मदिन मना रही हैं. नुसरत भरूचा ने 2002 में अपने करियर की शुरुआत की थी. लेकिन 2011 में उनका नॉटी नेहा का किरदार लोगों को बहुत पसंद आया और यहीं से उनका करियर ग्राफ उठता गया. नुसरत सिर्फ एक खूबसूरत चेहरा नहीं हैं, बल्कि एक ऐसी एक्ट्रेस हैं जिन्होंने पर्दे पर छोरी और अकेली जैसी फिल्मों में गहरे और गंभीर किरदार निभाए हैं. आज उनके बर्थडे पर जानते हैं उनकी जर्नी कैसी रही है और आज उनके पास कितनी प्रॉपर्टी है.
छोटे पर्दे से की शुरुआत

नुसरत भरूचा का जन्म 17 मई, 1985 को हुआ था. उन्होंने मुंबई में अपनी पढ़ाई की. नुसरत ने जय हिंद कॉलेज से फाइन आर्ट्स में ग्रेजुएशन किया है. कॉलेज के दिनों में ही वह आर्ट और एक्टिंग की दुनिया की तरफ अट्रैक्ट हुई. 2002 में, जब वह सिर्फ 16 साल की थीं, तो उन्हें जी टीवी के पॉपुलर सीरियल “किटी पार्टी” में एक छोटा सा रोल मिला. 2006 में, उन्होंने “जय संतोषी मां” से डेब्यू किया, लेकिन फिल्म ज्यादा नहीं चली. इसके बाद उन्होंने 2009 में कल किसने देखा और अगले साल तेलगु फिल्म ताज महल फिल्म में काम किया, जिससे उन्हें कोई खास पहचान नहीं मिली.
प्यार के पंचनाम से मिली पहचान
2010 में, दिबाकर बनर्जी की ‘लव सेक्स और धोखा’ में उनके काम को नोटिस किया गया, हालांकि फिल्म खुद सफल नहीं रही. इसके बाद 2011 में, लव रंजन की ‘प्यार का पंचनामा’ आई, जिसमें नेहा रोल ने यंग्स्टर्स को काफी इम्प्रेस किया. इस फिल्म में नुसरत ने कार्तिक आर्यन की चुलबुली गर्लफ्रेंड का रोल निभाया था. इसके बाद नुसरत के करियर में बड़ा टर्निंग पॉइंट आया. नुसरत ने ‘प्यार का पंचनामा 2’ और ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ जैसी फिल्मों से अपनी एक अलग पहचान बनाई. इसके बाद उन्होंने ‘ड्रीम गर्ल’, ‘छोरी’, ‘रामसेतु’, ‘तू झूठी मैं मक्कार’, ‘अकेली’ और ‘सेल्फी’ जैसी फिल्मों में काम किया और बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस में से एक बन गईं.

ज्यादा सुंदर होने की वजह से मिला रिजेक्शन
नुसरत ने एक इंटरव्यू में बताया था कि ऑस्कर-विनिंग फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर के लिए ऑडिशन दिया था और सिलेक्ट भी हो गईं थीं, लेकिन बाद में मेकर्स ने उन्हें यह कहकर रिजेक्ट कर दिया कि वह स्लम में रहने वाली एक गरीब लड़की के रोल के लिए बहुत सुंदर हैं. इसके अलावा कुछ फिल्मों में छोटी हाइट की वजह से उन्हें रिजेक्शन का सामना करना पड़ा.
नेटवर्थ
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नुसरत भरूचा की नेट वर्थ लगभग $5 मिलियन (भारतीय रुपये में लगभग ₹40 से ₹50 करोड़) है. वह एक फिल्म में एक्टिंग के लिए लगभग ₹3 से ₹4 करोड़ चार्ज करती हैं. उनके कार कलेक्शन में BMW X3, BMW iX, और महिंद्रा थार जैसी कई लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं. वह अपने परिवार के साथ मुंबई में रहती हैं और उनके लग्जरी घर की कीमत करोड़ों में होने का अनुमान है.
यह भी पढ़ें- हुमा कुरैशी ने कान्स में शो-ऑफ किया इंडियन कल्चर, बनारसी साड़ी और अदाओं ने लूटी महफिल
