Ramayana Trailer: रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है. ट्रेलर आते ही ये सोशल मीडिया पर छा गया है. शानदार विजुअल्स और दमदार स्टारकास्ट के साथ फिल्म ने लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है. लेकिन ट्रेलर देखने के बाद एक नाम ऐसा है जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है और वो हैं हंस जिमर. आखिर कौन हैं ये हंस जिमर, जिनका नाम दुनिया की सबसे बड़ी फिल्मों के साथ जुड़ा है. अब ये भारतीय सिनेमा में अपनी नई शुरुआत करने जा रहे हैं?
बड़ी फिल्मों से जुड़ा नाम
हंस जिमर जर्मनी में पैदा हुए दुनिया के सबसे लोकप्रिय और सम्मानित फिल्म संगीतकारों में से एक हैं. उन्होंने अपने करियर में ऐसी फिल्मों का संगीत तैयार किया है, जिनकी धुनें आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई हैं. उनकी खासियत ये है कि वो सिर्फ बैकग्राउंड म्यूजिक नहीं बनाते, बल्कि अपनी धुनों से कहानी की भावनाओं को और गहरा बना देते हैं. हॉलीवुड में हंस जिमर का सफर कई दशक पहले शुरू हुआ था. आज वो सिनेमा की दुनिया के सबसे बड़े नामों में गिने जाते हैं. द लॉयन किंग, ग्लैडिएटर, इंटरस्टेलर, इंसेप्शन, द डार्क नाइट और ड्यून जैसी फिल्मों का म्यूज़िक उन्होंने ही तैयार किया है. उनके शानदार काम के लिए उन्हें कई बड़े इंटरनेशनल अवॉर्ड्स भी मिल चुके हैं.
भारतीय सिनेमा में डेब्यू
अब खास बात ये है कि हंस जिमर पहली बार किसी भारतीय फिल्म के लिए ओरिजिनल बैकग्राउंड स्कोर तैयार कर रहे हैं. ‘रामायण’ के जरिए उनका भारतीय सिनेमा में डेब्यू हो रहा है. इस फिल्म में उनके साथ भारत के ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान भी जुड़े हैं. दोनों दिग्गजों का साथ आना अपने आप में फिल्म प्रेमियों के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं माना जा रहा.
बैकग्रांउड म्यूज़िक
‘रामायण’ के ट्रेलर में जो बैकग्राउंड म्यूजिक सुनाई देता है, वो भी लोगों को काफी पसंद आ रहा है. कई लोगों का मानना है कि ट्रेलर का असर सिर्फ इसके शानदार विजुअल्स की वजह से नहीं, बल्कि उसके पीछे बज रहे दमदार संगीत की वजह से भी कई गुना बढ़ जाता है. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर लोग हंस जिमर और ए.आर. रहमान की जोड़ी की जमकर तारीफ कर रहे हैं. ‘रामायण’ को निर्देशक नितेश तिवारी ने बड़े पैमाने पर तैयार किया है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं. वहीं, साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी. साथ ही केजीएफ स्टार यश रावण के रोल में होंगे. ट्रेलर में तीनों कलाकारों की झलक ने दर्शकों की खुशी को कई गुना बढ़ा दिया है. खासतौर पर यश का रावण वाला लुक और रणबीर कपूर का शांत अंदाज लोगों को काफी पसंद आ रहा है.
रिलीज़ से पहले रिकॉर्ड
नितेश तिवारी की ये फिल्म रिलीज से पहले कई रिकॉर्ड बना चुकी है. हाल ही में खबर आई थी कि, इसके म्यूजिक राइट्स बड़ी रकम में बिके हैं. अब ट्रेलर रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर लोगों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं. वैसे, इस बात में कोई शक नहीं है कि, ‘रामायण’ सिर्फ अपनी स्टारकास्ट या भव्य सेट्स की वजह से नहीं, बल्कि वर्ल्ड लेवल के म्यूज़िक की वजह से भी खास बनती नजर आ रही है. हंस जिमर और ए.आर. रहमान की जोड़ी इस फिल्म को एक अलग पहचान दे सकती है. अब दर्शकों को इंतजार है कि बड़े पर्दे पर ये महाकाव्य किस तरह नया इतिहास रचता है.
