Sonu Sood Thread Picture: मध्यप्रदेश के एक युवा कलाकार ने अपनी कला से सबको हैरान कर दिया है. उन्होंने धागे से सोनू सूद की एक विशाल तस्वीर बनाई. सोनू सूद ने कलाकार की खूब तारीफ की.
5 May, 2026
- मंदसौर से ललित शंकर धाकड़ की रिपोर्ट
जुनून हो तो रास्ते खुद बन जाते हैं और मेहनत हो तो सपने भी हकीकत बन जाते हैं. कुछ ऐसी ही मिसाल पेश की है मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ के एक युवा कलाकार ने, जिनकी कला ने अब सीधे बॉलीवुड तक दस्तक दे दी है. मल्हारगढ़ तहसील के चंद्रपुरा गांव के रहने वाले जितेंद्र मेघवाल इन दिनों चर्चा में हैं. वजह है उनकी बनाई गई 30×30 फीट की विशाल तस्वीर, जिसे उन्होंने मशहूर अभिनेता सोनू सूद के लिये तैयार किया है. उनकी यह टैलेंट इतना अनोखा है कि आप भी इसे देख चौंक जाएंगे.
20 दिनों तक की मेहनत
इस अनोखी कलाकृति ने हर किसी को हैरान कर दिया है. खास बात ये है कि ये कोई साधारण पेंटिंग नहीं, बल्कि ‘कार्ट आर्ट’ तकनीक से ऊन यानी धागों के जरिए तैयार किया गया एक विशाल चित्र है. इस आर्टवर्क को बनाने में जितेंद्र ने करीब 20 दिनों तक लगातार मेहनत की और रोजाना कई घंटे इस पर काम करते रहे. जितेंद्र की इस अनोखी कला का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, लोगों ने इसे सोनु सूद तक पहुंचा दिया. सोनू सूद भी इस कला को देखकर काफी प्रभावित हुए.
मुंबई बुलाकर किया सम्मानित
सोनू सूद की टीम ने तुरंत जितेंद्र से संपर्क कर उन्हें मुंबई आने का न्योता दिया. मुंबई पहुंचने पर जितेंद्र मेघवाल की मुलाकात खुद सोनू सूद से हुई, जहां अभिनेता ने उनकी कला की जमकर सराहना की और उन्हें सम्मानित भी किया. सोनू सूद ने उन्हें विश्वास दिलाया कि वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे. यह पल जितेंद्र और उनके परिवार के लिए बेहद खास बन गया. लोगों ने भी कमेंट सेक्शन में जितेंद्र की काफी तारीफ की.
वर्ल्ड रिकॉर्ड का लक्ष्य
आपको बता दें कि जितेंद्र इससे पहले भी धागों से छोटे चित्र बना चुके हैं, लेकिन इस बार उन्होंने कुछ बड़ा करने का लक्ष्य रखा था और अब वे इस कला के जरिए वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं. एक साधारण किसान परिवार से आने वाले जितेंद्र मेघवाल ने सीमित संसाधनों के बावजूद ये साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती. फिलहाल, जितेंद्र की ये कहानी हर उस युवा के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को सच करने का हौसला रखता है.
यह भी पढ़ें- 70 फिल्में, 30 साल और अब फोर्ट सेंट जॉर्ज की बारी, Vijay की पॉलिटिक्स पड़ रही सब पर भारी!
