Congo News: कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में कांगो नदी में रविवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां वीकेंड के दौरान दो नावें आपस में टकरा गईं, जिससे कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई. साथ ही दर्जनों लोग लापता हैं. प्रांत के आंतरिक मामलों के मंत्री क्रिस्पिन म्पुतु ने बताया कि रविवार को इक्वेटर प्रांत के न्गोम्बे-लुकोलेला इलाके के पास लकड़ी की मोटर चालित दो नावें आपस में टकरा गईं. हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
चलाया जा रहा तलाशी अभियान
क्रिस्पिन म्पुतु ने कहा कि इस हादसे में 30 लोगों की मौत हुई है और उन्हें दफना दिया गया है. उन्होंने आगे कहा कि एक नाव उत्तर-पश्चिम में उबांग्गी से राजधानी किंशासा जारी रही थी. दूसरी नाव किंशासा से लुकोलेला की ओर जा रही थी. साथ ही अब लापता लोगों को खोजने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
टक्कर होने के बाद पानी में डूब गए यात्री
अधिकारियों ने बताया कि जब दो नावों के बीच टक्कर हुई तो उसमें बैठे यात्री पानी में समा गए. उन्हें ढूंढने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. इसी बीच उन्होंने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है, क्योंकि अभी भी कई लोग लापता हैं. राहत और बचाव दल लगातार बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं और जिंदा लोगों को ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं.
ओमान के तट के पास जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत, विदेश मंत्रालय ने की निंदा
कांगो में नौका घटनाएं अब आम चुकी हैं. यहां से खबर आती रहती हैं कि नदी में कोई पलट गई या फिर दो नावों के बीच में टक्कर हो गई. देर रात नावों का संचालन और क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाना अक्सर इन दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहों में गिना जाता है.
पहले भी हुई है ऐसी घटना
बता दें कि इससे पहले भी कांगो में नाव डूबने की घटना हो चुकी है. 19 अप्रैल, 2025 में एक लकड़ी की नाव में आग लगने के बाद कांगो नदी में पलट गई थी. इस दौरान 148 लोगों की मौत हुई थी और हादसे के वक्त 500 लोग नौका में मौजूद थे. इस नाव में घटना के वक्त बच्चे और महिलाएं भी सवार थीं. हालांकि, इसके बाद प्रशासन का अपडेट आया कि 100 लोगों को जिंदा बचा लिया गया है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया था. उस वक्त बताया जा रहा था कि जब नाव में आग लगी तो लोगों ने उस दौरान नदी में छलांग लगा दी और उनमें से जिन लोगों को तैरना नहीं आता था उनकी गहरे पानी में डूबकर मौत हो गई.
जिम्बाब्वे नाव दुर्घटना: करिबा झील से और 26 शव बरामद, 18 बच्चों समेत जिंदगी की जंग हारे 72 लोग
