Trump Helicopter: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विमान के सामने दूसरा विमान आने से व्हाइट हाउस में हड़कंप मच गया. नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने जांच के आदेश दिए हैं. जब ट्रंप का हेलिकॉप्टर रोनाल्ड रीगन वाशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट के पास पहुंच रहा था, तभी कमर्शियल जेट ने उड़ान भरी और ट्रंप के विमान के करीब आ गया. FAA को शुरुआती जांच से पता चला है कि कुछ पल के लिए दोनों विमानों के बीच की दूरी कम हो गई थी. इसके बाद दोनों विमानों के पायलटों की सतर्कता से वे एक-दूसरे से दूर होते चले गए और खतरा टल गया.FAA ने कहा कि दूरी कम होने के दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोलर कमर्शियल पायलट और मरीन वन के पायलट दोनों के संपर्क में था. व्हाइट हाउस ने कहा कि ट्रंप को कोई खतरा नहीं था.
FAA ने दिए जांच के आदेश
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई ने कहा कि मरीन वन की उड़ानें दुनिया के कुछ बेहतरीन पायलट उड़ाते हैं. किसी भी समय राष्ट्रपति को कोई खतरा नहीं था. वाशिंगटन के रोनाल्ड रीगन नेशनल एयरपोर्ट के पास राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मरीन वन हेलिकॉप्टर और एक कमर्शियल जेट के बीच सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है. मंगलवार दोपहर हुई इस घटना के बाद नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने बुधवार को जांच के आदेश दे दिए हैं.
यह घटना तब हुई जब राष्ट्रपति ट्रंप को लेकर मरीन वन व्हाइट हाउस से एंड्रयूज एयर फोर्स बेस की ओर जा रहा था और उसी समय एक कमर्शियल जेट को उड़ान भरने की इजाज़त दे दी गई. गौरतलब है कि 29 जनवरी, 2025 को एक एयरलाइनर और ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर की टक्कर में 67 लोगों की मौत के बाद FAA ने सख्त नियम बनाए थे, जिसके तहत ऐसी स्थिति में एयरपोर्ट पर सभी टेक-ऑफ और लैंडिंग रोकने का प्रावधान है.
मरीन कॉर्प्स ने अपने पायलटों का किया बचाव
मरीन कॉर्प्स के प्रवक्ता कैप्टन जैकब सग ने कहा कि मरीन वन की रेगुलर आवाजाही के दौरान कोई खतरा या बाल-बाल बचने जैसी स्थिति नहीं बनी. वॉशिंगटन नेशनल टॉवर ने हेलिकॉप्टर क्रू में कोई देरी नहीं की, उन्हें रुकने के लिए नहीं कहा और न ही उनकी उड़ान के तरीके में कोई बदलाव किया. टॉवर की ऑडियो रिकॉर्डिंग से ऐसा लगता है कि मरीन वन के प्लान को लेकर कुछ कन्फ्यूजन था. एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल की रिकॉर्ड की गई ऑडियो से पता चलता है कि मरीन वन के पायलट ने समय से पहले ही टावर को कॉल किया. बस यह पक्का करना चाहता हूं कि आपको मेरी बात मिल गई है. मरीन वन उड़ान भरने में तीन मिनट लगेंगे.
एयर ट्रैफ़िक कंट्रोलर ने उस संदेश का कोई जवाब नहीं दिया और जब पायलट ने दोबारा कोशिश की, तो कंट्रोलर ने कहा कि संदेश साफ़ नहीं था और समझ में नहीं आया. इसलिए जब मरीन वन के पायलट ने बताया कि हेलिकॉप्टर तय योजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है तो कंट्रोलर हैरान रह गया. रीगन एयरपोर्ट पर मिलिट्री और सिविलियन एयर ट्रैफ़िक कंट्रोलर्स के बीच खराब कम्युनिकेशन पहले भी एक समस्या रही है.
रडार का इस्तेमाल करें एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स
पिछले साल हवा में हुई टक्कर के मामले में हुई सुनवाई के दौरान यह बात सामने आई कि पेंटागन को रीगन के कंट्रोल टावर से जोड़ने वाली हॉटलाइन तीन साल से ज़्यादा समय से काम नहीं कर रही थी और FAA को इसका पता तक नहीं चला. पिछले साल हुई टक्कर की जांच शुरू होने के कुछ ही समय बाद FAA ने यह पक्का करने के लिए कदम उठाए कि एयरपोर्ट के आस-पास के एयरस्पेस में हेलीकॉप्टर और हवाई जहाज़ एक ही जगह का इस्तेमाल न करें. नियमों के तहत एयर ट्रैफ़िक कंट्रोलर्स के लिए ज़रूरी है कि वे दूरी बनाए रखने के लिए रडार का इस्तेमाल करें, न कि पायलटों की नजर पर निर्भर रहें.
अमेरिका में सैन्य परिवारों की सुरक्षा खत्म: देश की रक्षा करने वालों के अपनों पर मंडराया खतरा
News Source: PTI
