Home Top News हफ्ते भर बाद भी अपनों की तलाश जारी, विनाशकारी भूकंप से अब तक 2000 लोगों की मौत! | PHOTOS

हफ्ते भर बाद भी अपनों की तलाश जारी, विनाशकारी भूकंप से अब तक 2000 लोगों की मौत! | PHOTOS

by Amit Dubey 1 July 2026, 8:20 PM IST (Updated 1 July 2026, 8:23 PM IST)
1 July 2026, 8:20 PM IST (Updated 1 July 2026, 8:23 PM IST)
Venezuela earthquake

Venezuela Earthquake Update: वेनेजुएला में बीते बुधवार को एक नहीं बल्कि दो भीषण भूकंप आए थे. 24 जून शाम में विनाशकारी भूकंप के इस दोहरे झटके से वेनेजुएला दहल उठा था. पहले 7.2 की तीव्रता और उसके बाद मात्र 40 सेकंड से भी कम समय में 7.5 की तीव्रता के आए भूकंप ने वेनेजुएला और इसकी राजधानी काराकास में भारी तबाही मचाई. चारों ओर चीख पुकार मच गई और कई लोगों को तो अपने घरों से बाहर निकलने तक का समय नहीं मिल पाया.

विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस भीषण भूकंप में अब तक दो हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि यह भूकंप इतना विनाशकारी था कि इसमें कम के कम 10 हजार लोग मारे गए होंगे. वहीं, वेनेजुएला की सरकार ने बताया है कि 24 जून को आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंपों में अब तक 1,943 लोगों की मौत हो गई और 10,500 से अधिक लोग घायल हो गए. हजारों लोग लापता बताए जा रहे हैं. इन लापता लोगों की खोज आज बुधवार को इस भयानक प्राकृतिक आपदा के 7वें दिन भी जारी है.

वेनेजुएला में आए इस दोहरे भूकंप के आज 7 दिन हो गए. राजधानी काराकास समेत भूकंप से प्रभावित अन्य क्षेत्रों में बचाव कार्य जारी है. भूकंप ने वेनेजुएला की कई इमारतों को नुकसान पहुंचाया था. इनमें से कई इमारतें जमींदोज हो गई थीं और उनके नीचे सैकड़ों लोगों के दबे होने की संभावना है. इन लोगों में से अब तक कई लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है और अभी लापता अन्य लोगों की तलाशी अभियान जारी है. वेनेजुएला में आए इस भूकंप में पीड़ितों के लिए राहत बचाव कार्य भारत, अमेरिका समेत कई अन्य देशों की मदद से किया जा रहा है.

आइए जानते हैं कि पिछले हफ्ते 24 जून दिन बुधवार को आए इस भूकंप के आज 7 दिन (एक हफ्ता) पूरे हो गए हैं तो अभी वहां पर क्या स्थिति है. इसके साथ ही अन्य जरूरी अपडेट्स को भी जानेंगे, लेकिन शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा आज 1 जुलाई को डॉक्टर दिवस (Doctors’ Day) पर वेनेजुलाए में राहत बचाव कार्य में लगे चिकित्सा कर्मी और बचाव कर्मियों के लिए दिए गए मैसेज से करेंगे. इसके साथ ही साथ हम आपको इस विनाशकारी भूकंप से मची तबाही का मंजर भी दिखाएंगे.

पीएम मोदी ने की डॉक्टरों की सराहना

आज एक जुलाई है. आज दो खास दिवस यानी डॉक्टर्स डे और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉक्टर दिवस और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस पर डॉक्टरों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनके अथक प्रयासों ने अनगिनत लोगों का विश्वास और आभार अर्जित किया है.

प्रधानमंत्री मोदी ने भूकंप प्रभावित वेनेजुएला में ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत अथक परिश्रम कर रहे भारत के सभी डॉक्टरों और चिकित्सा पेशेवरों की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में जरूरतमंदों की सेवा करने के उनके प्रयास इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण हैं कि कैसे चिकित्सा पेशेवर (डॉक्टर्स) हर बार समाज के सामने आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए आगे आते हैं.

वेनेजुएला भूकंप से मची तबाही, अब तक 164 लोगों की मौत और 971 गंभीर रूप से घायल

भारत का ऑपरेशन अमिस्ताद

बता दें कि भारत ने वेनेजुएला में आए भूकंप के लिए ऑपरेशन अमिस्ताद चलाया है. इसके जरिए भारत वेनेजुएला को हर प्रकार की जरूरतों के हिसाब से मदद कर रहा है. इस ऑपरेशन का उद्देश्य वेनेजुएला में भूकंप से प्रभावित क्षेत्रों और नागरिकों के लिए तुरंत चिकित्सा मदद, राहत सामग्री उपलब्ध कराना है.

बीते दिनों विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर जानकारी दी कि “ऑपरेशन अमिस्ताद चल रहा है! भूकंप के बाद राहत के कामों में मदद के लिए आज दो IAF C17s वेनेज़ुएला के लिए जरूरी मदद लेकर रवाना हुए. इस मदद में इंडियन आर्मी फील्ड हॉस्पिटल यूनिट और 35 टन से ज्यादा राहत का सामान, दवाइयां और मेडिकल इक्विपमेंट शामिल हैं, जिसमें दो BHISHM क्यूब्स भी शामिल हैं. भारत इस मुश्किल समय में वेनेजुएला सरकार और लोगों की मदद करने के लिए तैयार है.”

बीते शुक्रवार को वेनेजुएला के अधिकारियों ने बताया कि मेक्सिको, अमेरिका, अल सल्वाडोर, स्विट्जरलैंड, कोलंबिया और अन्य देशों के 861 अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवक वेनेजुएला में राहत-बचाव का काम कर रहे हैं. आने वाले घंटों और दिनों में अन्य देशों से भी कई और स्वयंसेवकों के आने की उम्मीद है. संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि दुनिया भर से 25 सर्च और रेस्क्यू टीम के 1000 आपातकालीन कर्मी रास्ते में हैं.

हफ्ते भर बाद भी अपनों की तलाश जारी

वेनेजुएला में आए भूकंप के आज एक हफ्ते हो गए. इस भीषण आपदा ने इतनी तबाही मचाई है कि हफ्ते भर बाद भी अपनों की तलाश जारी है. न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, वेनेजुएला के लड़खड़ाते भूकंप राहत अभियान ने लोगों को अपनों की तलाश के लिए पहले से अधिक चिंतित कर दिया है.

न्यूज एजेंसी के अनुसार, एंजेलिका मुंड्रेन चाहती हैं कि उनके बेटे, भतीजी और भतीजे के शव उनके समुद्रतटीय अपार्टमेंट के मलबे से बाहर निकाले जाएं, जो पूरी तरह से नष्ट हो चुका है. पिछले छह दिनों से वह हर पल उस भारी मशीनरी का इंतजार कर रही हैं, जिसकी जरूरत कंक्रीट और मुड़ी हुई मेटल्स की उन शिलाओं को हटाने के लिए है, जिनमें उनके शव दबे हुए हैं. अन्य वेनेजुएला के भूकंप पीड़ितों का भी यही हाल है.

वेनेजुएला के लड़खड़ाते भूकंप राहत अभियान

पीटीआई के अनुसार, उत्तरी राज्य ला गुआइरा के अन्य लोगों की तरह, कई लोगों का कहना है कि वेनेजुएला की स्व-घोषित समाजवादी सरकार, जिसने लंबे समय से खुद को संरक्षक और प्रदाता होने का गौरव प्राप्त किया है, सबसे महत्वपूर्ण समय पर न तो संरक्षक और न ही प्रदाता साबित हुई है. 24 जून को आए एक के बाद एक आए शक्तिशाली भूकंपों ने उस पार्टी की अक्षमता को उजागर कर दिया है जिसने 27 वर्षों तक देश पर शासन किया है – और अब कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के नेतृत्व में – बुनियादी सरकारी कार्यों को पूरा करने में भी वह असमर्थ है.

“हमें छोड़ दिया गया है,” एंजेलिका मुंड्रेन ने मंगलवार को सड़क पर एक कुर्सी पर बैठे हुए कहा, उस 11 मंजिला इमारत के बचे हुए हिस्से के सामने जिसे वह कभी अपना घर कहती थीं. उन्होंने कहा,” हम असहाय महसूस कर रहे हैं. हमने जो देखा है वह है संगठन की कमी, सहानुभूति की कमी, हर चीज की कमी.”

ला गुइरा राज्य, काराकास और आसपास के क्षेत्रों में आवासीय इमारतों, भोजनालयों, फार्मेसियों, होटलों और सुविधा स्टोरों के ढह जाने के बाद के महत्वपूर्ण 72 घंटों में, जमीनी स्तर पर प्रतिक्रिया मुख्य रूप से यातायात को निर्देशित करने पर केंद्रित थी, जिसमें पुलिस अधिकारी, खुफिया एजेंट और सशस्त्र बलों के सदस्य चौराहों पर तैनात थे. सरकारी विफलता के बीच स्थानीय निवासी बचाव और पुनर्निर्माण कार्यों में जुट गए हैं.

सूनी आंखें, बिखरे आशियाने: अपनों को खोने के गम में डूबा वेनेजुएला, मदद को उठे दुनियाभर के हाथ

एक सप्ताह बाद अब क्या हैं हालात?

एक सप्ताह बाद, ला गुआइरा के तटीय समुदायों के कई निवासियों ने अधिकांश बचाव और पुनर्प्राप्ति कार्यों का श्रेय अपने ही देश के वेनेजुएलावासियों और विदेशी टीमों को दिया, जिनके पास थर्मल कैमरे और ध्वनि डिटेक्टर जैसे उपकरण और प्रशिक्षित कुत्ते थे. उन्होंने यह भी बताया कि जब नागरिक और विदेशी बचावकर्मी काम कर रहे थे, तब वेनेजुएला की वर्दी पहने पुरुष और महिलाएं खड़े होकर देख रहे थे और सरकारी कर्मचारी सेल्फी ले रहे थे.

टुलेन विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डेविड स्माइल्ड, जिन्होंने तीन दशकों से वेनेजुएला का अध्ययन किया है, ने कहा कि इस त्रासदी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि 3 जनवरी को अमेरिकी सेना द्वारा तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की आश्चर्यजनक गिरफ्तारी कोई ऐसी घटना नहीं थी “जिसमें वेनेजुएला राज्य खुद का बचाव करने में बिल्कुल असमर्थ था.”

उन्होंने कहा, “यह लोगों को मलबे से निकालने जैसा कुछ भी शुरू नहीं कर सकता.” और साथ ही यह भी जोड़ा कि यह रोड्रिगेज के लिए चिंता का विषय होना चाहिए, जिन्होंने मादुरो को पद से हटाए जाने और मादक पदार्थों की तस्करी के आरोपों का सामना करने के लिए न्यूयॉर्क ले जाए जाने के बाद शपथ ली थी.

आपदा के 48 से 72 घंटे महत्वपूर्ण

सरकार ने बताया है कि 24 जून को आए दोहरे भूकंप में अब तक 1943 लोगों की मौत हो गई है. वहीं 10,500 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. हजारों की संख्या में लोग लापता बताए जा रहे हैं. मंगलवार को बचावकर्मी मलबे के ढेर में से कुछ जीवित लोगों को निकालने में लगे रहे, जिससे व्यथित परिवारों को उम्मीद की एक किरण दिखाई दी, हालांकि जीवित लोगों के मिलने की संभावना हर गुजरते घंटे के साथ कम होती जा रही थी.

प्राकृतिक आपदा के बाद पहले 48 से 72 घंटे बचाव कार्यों के लिए महत्वपूर्ण होते हैं, हालांकि भोजन और पानी मिलने पर जीवित रहने की संभावना को बढ़ाया जा सकता है.

भूकंप आने के कुछ ही घंटों बाद, ला गुएरा में एक ढह चुकी सरकारी आवास इमारत की दूसरी मंजिल पर स्थित अपने अपार्टमेंट से इलेक्ट्रीशियन डैनियल कैस्टिलो अपनी मां और बेटे को जिंदा बाहर निकालने में कामयाब रहे. उनके भाई का शव एक दिन और अंदर ही पड़ा रहा, जब तक कि वह उन तक नहीं पहुंच सके.

अब तक 920 की मौत, 51 हजार लोग लापता! जानें वेनेजुएला में विनाशकारी भूकंपों का इतिहास

वेनेजुएला में आपातकाल लागू

वेनेजुएला में भूकंप की देर रात राष्ट्र को संबोधित करते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेलसी रोड्रिगेज ने आपातकाल की घोषणा की और कहा कि भूकंप से कई राज्यों में नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा, “काराकास से लगभग 30 किलोमीटर उत्तर में दर्जनों इमारतें ढह गई हैं और हम वर्तमान में लोगों की जान बचाने के लिए गहन बचाव अभियान चला रहे हैं.” एक सदी से भी अधिक समय में वेनेजुएला में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया, शहरों में इमारतों को खाली कराया गया और वेनेजुएला की राजधानी काराकास से लगभग 1,700 किलोमीटर दूर ब्राजील के अमेजन तक के क्षेत्र प्रभावित हुए.

रोड्रिगेज ने बताया कि भूकंप से काराकास के पास स्थित देश के मुख्य हवाई अड्डे, साइमन बोलिवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को नुकसान पहुंचा और उन्हें बंद कर दिया गया है. उन्होंने यह भी बताया कि स्कूल बंद कर दिए गए हैं और काराकास में मेट्रो और प्राकृतिक गैस सेवाएं भी ठप हैं. उन्होंने वेनेजुएला के नागरिकों से नुकसान की रिपोर्ट करने के लिए सरकारी ऐप का उपयोग करने का आग्रह किया.

वेनेजुएला में भूकंप की वजह

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, 24 जून 2026 को वेनेजुएला के युमारे के दक्षिण-पूर्व में 7.5 तीव्रता का भूकंप आया. यह कैरेबियन और दक्षिण अमेरिकी प्लेटों के बीच जटिल प्लेट सीमा के पास उथले स्ट्राइक-स्लिप फॉल्टिंग की वजह से हुआ.

USGS के अनुसार, वेनेजुएला का उत्तरी हिस्सा यानी उत्तरी वेनेजुएला में बड़े और नुकसान पहुंचाने वाले भूकंपों का इतिहास रहा है. हालांकि, 24 जून 2026 को आए भूकंपों के ठीक 250 किलोमीटर के दायरे में, पिछली सदी में केवल सात ही ऐसे भूकंप आए हैं जिनकी तीव्रता 6 या उससे अधिक रही है. इस इलाके में हाल ही में सितंबर 2025 में एक डबल भूकंप आया था, जिसमें कम से कम एक मौत हुई, 110 से ज्यादा लोग घायल हुए. इस दौरान ज़ुलिया और लारा में काफी स्ट्रक्चरल नुकसान हुआ था.

वेनेजुएला भूकंप त्रासदी: अब तक 1400 की मौत, 68,900 लापता! नंगे हाथों से मलबा हटा रहे हताश लोग

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?