Hing in English: भारतीय रसोई में एक चीज़ सबसे ज्यादा कॉमन है और वो है हींग. इसके बिना भारतीय खाना अधूरा रहता है. लेकिन आप जानते हैं इसे इंग्लिश में क्या कहते हैं?
12 May, 2026
भारतीय रसोई में अगर किसी मसाले की खुशबू सबसे अलग पहचान रखती है, तो वो है हींग. दाल का तड़का हो, कढ़ी का स्वाद बढ़ाना हो या फिर सब्जियों में खास फ्लेवर लाना हो, चुटकी भर हींग पूरे खाने का टेस्ट बदल देती है. खास बात ये है कि हींग सिर्फ स्वाद ही नहीं बढ़ाती, बल्कि इसे सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद माना जाता है. सदियों से भारतीय घरों और आयुर्वेद में इसका इस्तेमाल होता आ रहा है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि हींग को अंग्रेज़ी में क्या कहा जाता है? बहुत कम लोग इसका सही अंग्रेज़ी नाम जानते हैं. वैसे, हींग को इंग्लिश में ‘असाफेटिडा’ (Asafoetida) कहते हैं.
जड़ों से निकलती है
हींग एक खास पौधे की जड़ों से निकलने वाले सूखे लेटेक्स यानी रेजिन से बनाई जाती है. कच्ची हींग की महक काफी तेज होती है, लेकिन जैसे ही इसे गर्म तेल या घी में डाला जाता है, इसका स्वाद और खुशबू पूरी तरह बदल जाते हैं. भारतीय खाना बनाने में हींग का इस्तेमाल बहुत खास तरीके से किया जाता है. आमतौर पर इसे सबसे पहले गर्म तेल या घी में डाला जाता है ताकि इसकी कच्ची गंध खत्म हो जाए और इसका स्वाद बाहर आ सके. दाल, सांभर, कढ़ी, सब्जी और अचार से लेकर चटनी में भी इसका इस्तेमाल किया जाता है. हींग की खासियत ये है कि बहुत कम मात्रा में भी ये खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है.
यह भी पढ़ेंःसेहत का खजाना और किसानों के लिए वरदान, जानें भारत के किस राज्य को कहते हैं Amla का महाराज
बदल देती है स्वाद
हींग की खुशबू शुरुआत में थोड़ी तीखी लग सकती है, लेकिन पकने के बाद इसका स्वाद लहसुन और प्याज़ जैसा हो जाता है. यही वजह है कि जिन घरों में प्याज़ और लहसुन नहीं खाया जाता, वहां हींग को बेहतरीन ऑप्शन माना जाता है. खासकर जैन और ब्राह्मण खाने में इसका इस्तेमाल काफी आम है. हालांकि, उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक, हींग भारतीय खाने का बड़ा और अहम हिस्सा है. तड़के में इसकी मौजूदगी दाल और करी का स्वाद बैलेंस कर देती है.
ये भी हैं खासियत
आयुर्वेद में भी हींग को डाइजेशन के लिए बढ़िया माना गया है. पेट दर्द, गैस और अपच जैसी प्रॉब्लम में इसका आमतौर पर इस्तेमाल किया जाता रहा है. हींग से जुड़ी एक दिलचस्प बात ये भी है कि इसकी कच्ची महक दुनिया के सबसे तेज मसालों में गिनी जाती है. हालांकि, पकने के बाद यही मसाला खाने में लाजवाब स्वाद एड कर देता है. यही वजह है कि भारतीय रसोई में हींग सिर्फ मसाला नहीं, बल्कि स्वाद और ट्रेडिशन का अहम हिस्सा बन चुकी है.
यह भी पढ़ेंः मीठे रसीले आमों की दीवानी है दुनिया, मिलिए पश्चिम बंगाल के उस शहर से जिसे कहते हैं Mango City
