CEC Protest: दिल्ली में शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया. प्रदर्शन के दौरान राजधानी के कनॉट प्लेस इलाक़े में जमकर पत्थरबाज़ी हुई, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया. दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बाबा खड़क सिंह मार्ग के पास हुई, जब सुरक्षाकर्मी वहां जमा प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश कर रहे थे. हेड कॉन्स्टेबल नागेंद्र ने कहा कि जब पुलिस प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले रही थी, तो आंदोलनकारी सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई करने लगे.
उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों पर फेंके पत्थर
हेड कॉन्स्टेबल ने कहा कि हम प्रदर्शनकारियों को हटा रहे थे, उस दौरान हाथापाई हुई और मेरी नेमप्लेट टूट गई. यह घटना बाबा खड़क सिंह मार्ग के पास आर्य स्कूल लेन के पास हुई. वहां कई प्रदर्शनकारी थे. उन्हें हिरासत में लिया गया. पत्थरबाज़ी हुई और एक पत्थर मुझे भी लगा. पुलिस इंस्पेक्टर विवेक कुमार ने बताया कि कैसे उपद्रवियों का एक समूह अतिरिक्त बल के पहुंचने से पहले पुलिस की एक टुकड़ी की ओर बढ़ा. इंस्पेक्टर विवेक कुमार ने कहा कि बाबा खड़क सिंह मार्ग पर भारी भीड़ थी. कई उपद्रवी थे. उन्हें खदेड़ते हुए मैं चार अन्य लोगों के साथ एक साइड लेन में पहुंच गया. हम रेस कोर्स के पास अकेले पड़ गए. हमें कम संख्या में देखकर वे हमारी ओर बढ़ने लगे और पत्थर फेंके.
अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों के आने पर बची जान
इंस्पेक्टर ने कहा कि अच्छी बात रही कि हम बच निकले. जैसे ही वे हमारे क़रीब पहुंचे, पीछे से और पुलिस आ गई और हम बच गए. इस टकराव के बाद स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को मौके पर भेजा गया और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया. इससे पहले दिल्ली पुलिस ने बताया कि शनिवार को राजधानी भर में लगभग 3,000 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया, जो ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के नेतृत्व में चीफ़ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर जंतर-मंतर की ओर मार्च करने की कोशिश कर रहे थे.
आंदोलनकारियों को इकट्ठा होने की नहीं थी इजाजत
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को यह बताने के बाद कि उन्हें इकट्ठा होने की इजाज़त नहीं दी गई है, उन्हें एहतियातन हिरासत में लेना जारी रखा. विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मुंबई से दिल्ली आए CJP एक्टिविस्ट अभिजीत दिपके ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया. इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर फ़्लाइट से उतरते ही पुलिसकर्मियों ने उन्हें और उनके साथियों को हिरासत में ले लिया.
CJP प्रदर्शन के कारण दिल्ली के बाजार बंद! खान मार्केट और CP के व्यापारियों को लाखों का नुकसान
News Source: ANI
