JNU Controversy: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से बर्खास्त किए गए कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजाम के खिलाफ बीजेपी महिला मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान दिल्ली में महिला कार्यकर्ताओं ने उनकी गिरफ्तारी की मांग की और कांग्रेस पर भी सवाल उठाए. बता दें कि शुक्रवार को JNU प्रशासन ने यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़े एक मामले में प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजाम को बर्खास्त कर दिया था. 9 अक्टूबर को जारी आदेश के मुताबिक, विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति (IC) ने मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की थी. इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन्हें सेवा से बर्खास्त करने का फैसला लिया.
राहुल और प्रियंका दे रहे आरोपी का साथ
बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहा कि हम बस यह बताना चाहती हैं कि राहुल गांधी महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कैसा बुरा बर्ताव कर रहे हैं. इसके अलावा, एक व्यक्ति ऐसा है जिस पर लगे आरोप साबित हो चुके हैं और उसे यूनिवर्सिटी से निकाल दिया गया है. फिर भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आरोपी का साथ दे रहे हैं. उन्होंने इस मामले पर एक भी शब्द नहीं कहा है. क्या उन्हें इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देनी चाहिए थी? जो व्यक्ति हर समय उनके साथ रहता है, क्या उसके बारे में कुछ नहीं कहा जाना चाहिए? हम उनसे जवाब चाहती हैं.
उन्होंने आगे कहा कि हम जंतर-मंतर क्यों जाएं? हमें वहां क्यों जाना चाहिए? वहां हर तरह के अराजक और देश-विरोधी तत्व जमा हो गए हैं. वहां क्यों जाएं? क्या जंतर-मंतर ही एकमात्र ऐसी जगह है जहां देश से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होती है? वहां तो हर कोई जमा हो गया है.
CUET PG का रिजल्ट आते ही शुरु हो जाएंगे JNU में एडमिशन, स्टूडेंट्स तैयार रखें ये डॉक्यूमेंट्स
पार्टी अध्यक्ष को इस पर कुछ कहना चाहिए
राष्ट्रीय सचिव संगीता यादव ने कहा कि JNU में हुई घटनाओं को लेकर जिन प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद पर आरोप लगे थे, अब उस मामले में फैसला आ गया है. यह सिर्फ आरोप लगने की बात नहीं है. अब जब फैसला आ चुका है, तो पार्टी अध्यक्ष को इस पर कुछ कहना चाहिए. सोनिया गांधी खुद एक महिला हैं. प्रियंका गांधी, राहुल गांधी के साथ मिलकर सक्रिय रूप से प्रचार कर रही हैं. आप देश भर में युवाओं के लिए कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं. इसके बाद जब किसी युवा के साथ ऐसा कुछ होता है, तो आप चुप रहती हैं? इस तरह का दोहरा रवैया बिल्कुल नहीं चलेगा.
कांग्रेस पार्टी का दोहरा रवैया
BJP की दिल्ली इकाई की महासचिव योगिता सिंह कहती हैं कि यह कांग्रेस पार्टी का दोहरा रवैया है. आज कांग्रेस लगातार महिलाओं की सुरक्षा की बात करती है. हम कांग्रेस से पूछना चाहते हैं. JNU में अपने प्रोफेसर के खिलाफ शुरू की गई कार्रवाई के मामले में उन्होंने क्या कदम उठाए? कांग्रेस ने चुप्पी क्यों साधे रखी? उनकी सदस्यता क्यों रद्द नहीं की गई? आपकी पार्टी को उनकी सदस्यता खत्म कर देनी चाहिए थी. यह महिलाओं का अपमान है और भारत की महिलाएं ऐसा अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगी..
JNU में जांच के बाद प्रोफेसर पर गिरी गाज, यौन उत्पीड़न मामले में अंगोमचा बिमोल अकोइजम बर्खास्त
News Source: ANI
