CJP Protest: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को विपक्ष पर बड़ा हमला बोलते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं. नवीन ने दावा किया कि ये नेता विदेशी ताकतों के इशारे पर देश और इसके 140 करोड़ लोगों को अस्थिर करने की साज़िश रच रहे हैं. नवीन ने विपक्ष को अराजक समूह बताते हुए कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाला ‘INDI अलायंस’ और अरविंद केजरीवाल के सहयोगी देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं, क्योंकि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की तरक्की को पचा नहीं पा रहे हैं.
विपक्ष की हर साजिश को नाकाम करेगी बीजेपी
उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार उनके बुरे इरादों से बेहद सख्ती से निपटेगी और बीजेपी के कार्यकर्ता ज़मीनी स्तर पर इनकी हर साज़िश को नाकाम कर देंगे. बीजेपी प्रमुख ने दावा किया कि दोनों समूह एक-दूसरे से यह साबित करने के लिए होड़ कर रहे हैं कि कौन बड़ा अराजकतावादी है. उन्होंने कहा कि उन्हें यह अच्छी तरह समझ लेना चाहिए कि भारत की जनता उनके मकसदों से पूरी तरह वाकिफ है. नवीन ने कहा कि मैं चेतावनी देता हूं कि आप जो ‘बिकाऊ’ राजनीति कर रहे हैं और विदेशी ताकतों के साथ मिलकर भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं, वह कभी सफल नहीं होगी. मैं विपक्ष को चेतावनी देता हूं कि भारतीय जनता पार्टी और इस देश के देशभक्त लोग आपको मुंहतोड़ जवाब देंगे.
जनादेश के बल पर मोदी बने हैं पीएम
उन्होंने आगे कहा कि जब आप तनाव पैदा करने की कोशिश करेंगे तो भारत सरकार स्थिति से सख्ती से निपटेगी और बीजेपी कार्यकर्ता लोगों के बीच मज़बूती से डटे रहकर आपकी इन साज़िशों को नाकाम कर देंगे. नवीन ने आरोप लगाया कि गांधी और केजरीवाल विदेशी ताकतों के साथ मिलीभगत करके अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए देश और उसकी आर्थिक प्रगति को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि वे देश के लोकतंत्र को चुनौती दे रहे हैं क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों के जनादेश और भरोसे के साथ देश की बागडोर संभाले हुए हैं. बीजेपी नेता ने कहा कि जब लोगों ने आपको नकार दिया और लोकतंत्र ने आपको सज़ा दी, तो उस फ़ैसले को स्वीकार करने या उससे सीखने के बजाय आपने देश को अस्थिर करने की साज़िश रची. आप अपने राजनीतिक मक़सद पूरे करने और विदेशी ताक़तों के इशारे पर ऐसा कर रहे हैं.
गांधी और केजरीवाल पर साधा निशाना
गांधी और केजरीवाल पर निशाना साधते हुए नवीन ने कहा कि संविधान के नाम पर लोकतंत्र को चुनौती देना और झूठ का सहारा लेना लोगों के जनादेश का अपमान करने जैसा है. बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि जिस व्यक्ति को देश की जनता ने अपना जनादेश दिया है और जिस पर भरोसा जताया है, वही देश का नेतृत्व कर रहा है. नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीजेपी-एनडीए ने देश को डर के माहौल से आज़ाद कराया है और पिछले 12 सालों में आतंकवाद और नक्सलवाद को जड़ से खत्म किया है. उन्होंने कहा कि ये नेता देश के सर्वोच्च पदों पर बैठे लोगों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं और देश की जनता उन्हें सज़ा देगी.
SFI कार्यकर्ताओं ने गिराए बैरिकेड्स, पुलिस पर किया पथराव, 500 प्रदर्शनकारी हिरासत में
News Source: ANI
