AAP Protest: पंजाब की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) ने शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कथित ‘वोट चोरी’ को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. साथ ही पार्टी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के लिए केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की. AAP नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के नेतृत्व में AAP कार्यकर्ताओं और नेताओं ने यहां पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के पास प्रदर्शन किया.
हिरासत में आप नेता
बाद में चंडीगढ़ पुलिस ने सिसोदिया, बलतेज पुनिया और सोनिया मान समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया. प्रदर्शनकारियों ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ और ‘लोकतंत्र बचाओ’ जैसे संदेश लिखे पोस्टर-बैनर लिए हुए थे और CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए. AAP के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया और बैरिकेड्स लगाए गए हैं. इससे पहले, यहां एक सभा को संबोधित करते हुए सिसोदिया ने बीजेपी सरकार की आलोचना की. उन्होंने आरोप लगाया कि CEC के खिलाफ विरोध करने और उनका इस्तीफा मांगने के लिए दिल्ली आए युवाओं को हिरासत में लिया गया.
‘आपातकाल की स्थिति’
राष्ट्रीय राजधानी में भारी पुलिस बल की तैनाती और युवाओं को हिरासत में लेने को लेकर केंद्र पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “ऐसी स्थिति तो इमरजेंसी के दौरान भी नहीं देखी गई थी.” उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी ‘वोट चोरी’ करके प्रधानमंत्री बने हैं. सिसोदिया ने कहा, “मोदी को डर है कि अगर प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर तक पहुंच गए, तो धर्मेंद्र प्रधान की तरह ज्ञानेश कुमार को भी इस्तीफा देना पड़ सकता है.”
सिसोदिया ने कहा कि AAP दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के विरोध प्रदर्शन के आह्वान का पूरी तरह समर्थन करती है. उन्होंने कहा, “हम भी मांग करते हैं कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें.” उन्होंने दावा किया कि ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ (SIT) प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटा दिए गए. मोदी चुनाव नहीं जीतते; वे वोट चुराते हैं.
‘लोकतांत्रिक अधिकारों के इस्तेमाल से रोका जा रहा’
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दिल्ली में कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की. चीमा ने कहा, “युवाओं को हिरासत में लिया जा रहा था. जब युवा विरोध प्रदर्शन के लिए दिल्ली आ रहे थे, तो बीजेपी उन्हें उनके लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करने से रोक रही थी.” उन्होंने आरोप लगाया, “बीजेपी ने बिना किसी घोषणा के इमरजेंसी लागू कर दी है.” दूसरी ओर CJP ने वोटर लिस्ट में हेरफेर के आरोपों और वोटर रजिस्ट्रेशन के लिए इस्तेमाल होने वाले ‘फॉर्म 6’ में बदलावों को लेकर CEC के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का आह्वान किया. दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को हिरासत में ले लिया है.
SFI कार्यकर्ताओं ने गिराए बैरिकेड्स, पुलिस पर किया पथराव, 500 प्रदर्शनकारी हिरासत में
News Source: ANI
