Lashkar-e-Taiba: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 16 साल से फरार आतंकी सरगना अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है.
Lashkar-e-Taiba: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय लश्कर-ए-तैयबा आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने 16 साल से फरार आतंकी सरगना अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. अब्दुल्ला ने प्रदेश के बाहर ठिकाना बना लिया था. वह छिपकर आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था. वह स्थानीय युवकों को लालच देकर आतंकी ट्रेनिंग भी देता था. पुलिस ने बताया कि फरारी के दौरान सरगना ने देश के कई जगहों में जाकर रेकी भी की, जिससे वह अपने आकाओं के निर्देश पर आतंकी घटनाओं को अंजाम दे सके.
आपत्तिजनक सामग्री बरामद
पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि अब्दुल्ला के अलावा एक अन्य पाकिस्तानी आतंकवादी उस्मान उर्फ खुबैब को भी उस बड़े ऑपरेशन में गिरफ्तार किया गया, जिसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय एजेंसियां भी शामिल थीं. जांचकर्ताओं ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और हरियाणा सहित 19 स्थानों पर तलाशी ली और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की. जांच में आतंकवादियों को रसद और वित्तीय सहायता प्रदान करने में शामिल लश्कर-ए-तैयबा के एक गहरे नेटवर्क का पता चला. पुलिस अधिकारियों ने विवरण देते हुए कहा कि पकड़े गए पांच लोगों में तीन श्रीनगर निवासी हैं.
आतंकवादियों की करते थे मदद
उन्होंने बताया कि मोहम्मद नकीब भट, आदिल रशीद भट और गुलाम मोहम्मद मीर उर्फ मामा को कथित तौर पर आतंकवादियों को आश्रय और भोजन सहित साजो सामान सहायता प्रदान करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. अधिकारियों ने कहा कि जांच से संकेत मिला है कि एक विदेशी आतंकवादी अन्य राज्यों में लश्कर-ए-तैयबा नेटवर्क की मदद से जाली दस्तावेजों और पहचान के आधार पर देश से बाहर यात्रा करने में कामयाब रहा. आतंकियों ने करीब 16 साल पहले भारत में घुसपैठ की थी और इस दौरान वे कश्मीर घाटी के विभिन्न जिलों में सक्रिय रहे. इन वर्षों में उन्होंने लगभग 40 विदेशी आतंकवादियों को ट्रेनिंग दी. इनमें से अधिकतर को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है.
पूरे कश्मीर में सर्च आपरेशन
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि सुरक्षा बलों को मिले इनपुट के आधार पर जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और हरियाणा सहित देश के कई हिस्सों में छापेमारी की गई. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि पांच राज्यों में हो रहे चुनाव को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है. गिरफ्तार आतंकियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे उनके मददगारों और नेटवर्क का पता चल सके. उधर, आतंकियों के पकड़े जाने के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे कश्मीर में सर्च आपरेशन शुरू कर दिया है. घने जंगलों की सघन तलाशी ली जा रही है.
ये भी पढ़ेंः जैश-ए-मोहम्मद के 3 आतंकी ढेर, कुख्यात कमांडर सैफुल्ला मारा गया, कई हमलों का मास्टरमाइंड था यह आतंकी
News Source: PTI
