LPG Price Hike: अक्टूबर की पहली तारीख को ही देशवासियों को महंगाई का झटका लग गया है. त्योहारी सीजन सर पर है और उससे पहले ही गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी कर दी गई है. 1 अक्टूबर 2026 से ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा बढ़ाए गए कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों पर नजर डालें, तो राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले गैस सिलेंडर का दाम 62.50 रुपये बढ़कर अब 2,810 रुपये हो गया है.
हालांकि घरेलू सिंलेडर के दाम नहीं बढ़ाए गए हैं, लेकिन इस महंगाई की मार तो सभी को किसी न किसी तरह से झेलनी ही पड़ेगी. 14.2 किलो वाले गैस सिलेंडर पर नजर डालें, तो दिल्ली में यह 942 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये और कोलकाता में 968 रुपये का मिल रहा है.
प्रमुख महानगरों में कमर्शियल सिलेंडर के ताजा रेट
| शहर | नया रेट (₹) | पहले का रेट (सितंबर) | बढ़ोतरी (₹) |
|---|---|---|---|
| दिल्ली (Delhi) | ₹2,810.00 | ₹2,747.50 | ₹62.50 |
| मुंबई (Mumbai) | ₹2,764.00 | ₹2,701.00 | ₹63.00 |
| कोलकाता (Kolkata) | ₹2,954.00 | ₹2,884.00 | ₹70.00 |
| चेन्नई (Chennai) | ₹2,983.00 | ₹2,916.50 | ₹66.50 |
कब-कब बढ़ी कीमतें
अप्रैल में भी कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ाई गई थीं. पश्चिम एशिया में संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य से ऊर्जा आपूर्ति में रुकावट के बीच, सरकारी तेल मार्केटिंग कंपनियों ने उस समय कीमतें ₹195.50 से ₹214 तक बढ़ाई थीं. मई में कीमतें फिर बढ़ाई गईं, जिसमें एक ही बार में प्रति सिलेंडर ₹993 की बढ़ोतरी हुई. इसके बाद जून में ₹42 की बढ़ोतरी हुई.
1 जुलाई 2026 को तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में ₹183.50 की कटौती की. इसके चलते दिल्ली में इसकी कीमत ₹3,113.50 से घटकर ₹2,930 हो गई. अगस्त में भी कमर्शियल LPG की कीमतों में बड़ी कटौती हुई. दिल्ली में सिलेंडर की कीमत ₹202 घटकर ₹2,738 और मुंबई में ₹2,691 हो गई. सितंबर में दिल्ली में कीमत ₹9.50 बढ़कर ₹2,747.50 हो गई. अब 1 अक्टूबर से दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹62.50 बढ़कर ₹2,810 हो गई है.
महंगी होगी दिवाली
त्योहारों के मौसम से ठीक पहले हुई इस बढ़ोतरी से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, कैटरिंग सर्विस और कमर्शियल LPG पर निर्भर अन्य व्यवसायों की लागत बढ़ सकती है. इसका असर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर भी पड़ सकता है. दुकानदार इस बढ़ोतरी की वसूली आम जनता से करेंगे यानी इस दिवाली मिठाई और सभी पकवान महंगे हो सकते हैं.
फिर बढ़ी महंगाई की टेंशन! Inflation 9.92% पर पहुंची, खाने-पीने से लेकर गैस तक हुई महंगी
News Source: ANI
