Captain Smit Machchhar: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ करते हुए उन्हें “हीरो” कहा. इजराइल जाने वाली इस फ्लाइट में हवा में हुए हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा के लिए हिम्मत दिखाई. पीएम ने कहा कि उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई. इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने भी उनकी तारीफ की. अब हर तरफ कैप्टन की हिम्मत को सराहा जा रहा है.
‘भारत को आप पर गर्व है’
पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा, “कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं. सबसे बड़े खतरे का सामना करते हुए और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए बहुत हिम्मत और अटूट संकल्प दिखाया. उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई.” उन्होंने आगे कहा “भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है. उनके जल्द ठीक होने, नई ताकत और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहा हूं.”
कैप्टन ने विमान क्रैश होने से बचाया
यह घटना दुबई से तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट में हुई, जब कैप्टन मच्छार पर कथित तौर पर उनके को-पायलट ने चाकू से हमला किया. को-पायलट ने कथित तौर पर विमान को क्रैश करने की कोशिश की थी. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे, जिससे यात्री और राहत दल के सदस्य बीच-बचाव कर सके और हमलावर को काबू में कर सके. इसके बाद उन्होंने क्रंट्रोल स्टेशन को सिग्नल भेजा. विमान का रास्ता बदला गया और उसे सऊदी अरब में सुरक्षित उतारा गया. इसके बाद यात्रियों को दूसरे विमान से तेल अवीव भेजा गया.
एक मीडिया रिपोर्ट ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का हवाला देते हुए कहा कि “चाकू मारने की घटना के बाद, यात्रियों ने को-पायलट को पकड़कर रखा, जबकि विमान में मौजूद दूसरे पायलट ने विमान को सऊदी अरब में सुरक्षित उतारा.”
ट्रंप ने कैप्टन को कहा हीरो
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कैप्टन मच्छर की तारीफ की और घटना के बारे में बात करते हुए उन्हें हीरो बताया. ट्रंप ने घटना के दौरान बीच-बचाव करने वाले इजराइली यात्री यानीव हायून की भी तारीफ की और उनके इस कदम को “अद्भुत” बताया.
नेतन्याहू ने किया सैल्यूट
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक्स पर लिखा, “मैं भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को उनकी असाधारण बहादुरी के लिए सलाम करता हूं. चाकू लगने और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने मुकाबला किया, विरोध किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों व क्रू को हमलावर पर काबू पाने में मदद की, जिससे हवा में एक बड़ी दुर्घटना टल गई. उन्होंने इजराइली नागरिकों और अन्य देशों के लोगों सहित 174 लोगों की जान बचाई. मैं कैप्टन मच्छार के जल्द और पूरी तरह ठीक होने की कामना करता हूं. वह एक सच्चे हीरो हैं.”
पायलट को मारा चाकू! तेल अवीव जा रहा विमान हाईजैक हुआ? बचाने भागे फाइटर जेट्स, जानें सच्चाई
News Source: ANI
