PM Modi Birthday: आज 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है. वे 76 साल के हो गए हैं. पूरे देश में लोग उनके जन्मदिन का जश्न मना रहे हैं. भाजपा नेताओं से लेकर ग्लोबल लीडर्स तक उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं. आज देशभर में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं. उनके गृह राज्य में सरकारी पद पर 25 साल पूरे होने के मौके पर गुजरात में 18,500 जगहों पर 88 लाख से ज़्यादा मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे, वडनगर से वाराणसी तक बाइक रैली निकाली जाएगी, मंदिरों में प्रार्थना, आरती और कई कार्यक्रम होंगे.
वडनगर से वाराणसी तक बाइक रैली
‘आशीर्वाद नो दिवडो’ (आशीर्वाद का दीया) कार्यक्रम शाम 7 बजे जिलों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं और स्थानीय इकाइयों में होगा. गुजरात सरकार और BJP की तरफ से जारी जानकारी के मुताबिक, शाम 6 बजे से भक्ति संगीत, सत्संग (धार्मिक प्रवचन) और सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे. गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, राज्य BJP अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल समेत कई नेता इन इवेंट्स में हिस्सा लेंगे. “वडनगर से वाराणसी” और “वाराणसी से वडनगर” बाइक रैलियां निकाली जाएंगी. केंद्रीय मंत्री अमित शाह बाइक रैली को हरी झंडी दिखाएंगे.
सेवा संकल्प अभियान
BJP 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक देशभर में “सेवा संकल्प अभियान” शुरू करेगी. इसका मकसद पीएम मोदी के सेवा और विकास के कामों को प्रचार करना और जन सेवा कार्यक्रमों को बढ़ावा देना है. इन कार्यक्रमों में ब्लड डोनेशन कैंप, सफाई अभियान, स्कूल कॉम्पिटिशन और दूसरे प्रोग्राम शामिल हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने पूरे देश में ब्लड डोनेशन कैंप, मेडिकल कैंप और सफाई अभियान आयोजित करने की योजना की घोषणा की है. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कोलकाता में कहा कि इस अभियान में ब्लड डोनेशन कैंप, नुक्कड़ नाटक, स्वास्थ्य संरक्षण और बुजुर्गों को डिजिटल जानकारी देने जैसी गतिविधियां शामिल होंगी. इसके अलावा बीजेपी ने जनता से ‘आशीर्वाद की दीया’ जलाने और प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने की अपील की है.
दिल्ली-मुंबई-उज्जैन में ये कार्यक्रम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कई तरह के प्रोजेक्ट शुरू करने जा रही है. दिल्ली BJP अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 13,800 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा. वहीं मुंबई में, बृहन्मुंबई सार्वजनिक गणेशोत्सव समिति ने 12,000 गणपति मंडलों को खास महाआरती करने का निर्देश दिया है. 17 सितंबर को महाकाल महालोक और मोक्षदायिनी शिप्रा नदी के प्रमुख घाटों, जिनमें रामघाट और दत्त अखाड़ा शामिल हैं, पर लगभग 25 लाख दीए जलाए जाएंगे. देशभर के 700 से ज्यादा जगहों पर दीए जलाए जाएंगे.
कभी पानी के साथ खाई रोटी, तो कभी मगरमच्छ को ले आए घर…, जानें पीएम मोदी के बचपन के अनसुने किस्से
News Source: PTI
